पीपीयू : यूजी छठे सेमेस्टर का परिणाम जारी, 93% सफल
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (पीपीयू) ने मंगलवार नई शिक्षा नीति के तहत सीबीसीएस प्रणाली अंतर्गत संचालित स्नातक सत्र 2023-27 के छठे सेमेस्टर का परिणाम जारी

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (पीपीयू) ने मंगलवार नई शिक्षा नीति के तहत सीबीसीएस प्रणाली अंतर्गत संचालित स्नातक सत्र 2023-27 के छठे सेमेस्टर का परिणाम जारी कर दिया। इसी के साथ विवि ने एनईपी के प्रभावी क्रियान्वयन में एक और उपलब्धि हासिल की। छठे सेमेस्टर में कला, विज्ञान और वाणिज्य में 90 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 93% विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। सबसे अधिक 95% पास प्रतिशत कला संकाय में हुए। विज्ञान में 94% और वाणिज्य में 91% विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। कुलपति प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने परीक्षाफल का औपचारिक रूप से लाइव प्रकाशन किया। उन्होंने बताया कि 40 हजार छात्रों को 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त हुए।
इन विद्यार्थियों को सातवें सेमेस्टर में नामांकन मिलेगा और वे चार वर्षीय कोर्स पूरा कर पाएंगे। अन्य सभी छात्रों को तीन वर्षीय डिग्री प्रदान की जाएगी। ये छात्र दो वर्षीय पीजी कोर्स में नामांकन ले सकेंगे। कुलसचिव प्रो. अबू बकर रिजवी ने कहा कि यह उपलब्धि विवि के कुशल प्रशासनिक प्रबंधन, बेहतर समन्वय और निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि यह सफलता विवि परिवार के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। मौके पर छात्र कल्याण अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन, प्रॉक्टर डॉ. कृति,सीसीडीसी प्रो. शिव कुमार यादव, मीडिया प्रभारी प्रो. तारिक फातमी, अधिष्ठाता प्रो. अशोक कुमार आदि रहे।


