
दिव्यांग की हत्या दूसरे को फंसाने के लिए की गई थी
मनेर में दिव्यांग मीतलाल राय की हत्या का खुलासा हुआ है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी, जिसमें आरोपितों ने दूसरे को फंसाने की कोशिश की। पुलिस ने 24 घंटे में बुलु राय और सफाईकर्मी लक्ष्मण राय को गिरफ्तार...
मनेर में दिव्यांग मीतलाल राय की हत्या का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्या का मकसद पुरानी रंजिश में दूसरे को फंसाना था। इस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपित बुलु राय और मंदिर के सफाईकर्मी लक्ष्मण राय को गिरफ्तार कर लिया। 13 सितम्बर की सुबह जीव राखन टोला स्थित दुर्गा मंदिर चबूतरे पर दिव्यांग मीतलाल राय शेरपुर, थाना मनेर निवासी का खून से लथपथ शव मिला। ईंट-पत्थर से कूंचकर उसकी हत्या की गई थी। मामले की थानाध्यक्ष ने जांच शुरू की और एसआईटी का गठन किया गया था। शुरू में सफाईकर्मी लक्ष्मण राय ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और हत्या का आरोप गोरख व उसके भाई करियावा पर मढ़ा।

लेकिन पुलिस ने जब मंदिर परिसर का सीसीटीवी खंगाला तो असलियत सामने आ गई। फुटेज में साफ दिखा कि 12 सितम्बर की रात 11:32 बजे बुलु राय पत्थर से हमला कर रहा था, जबकि सफाईकर्मी लक्ष्मण राय मंदिर के बाहर खड़ा होकर चौकसी कर रहा था कि कोई देख न ले। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले मंदिर से लाउडस्पीकर चोरी हुई थी। मामले में पुलिस ने इन्हें भी पूछताछ के लिए पकड़ा था। दोनों को शक था कि गोरख और उसके भाई ने पुलिस को सूचना दी थी। रंजिश में दोनों ने मीतलाल राय की हत्या कर दी, ताकि इसका आरोप गोरख व करियावा पर लगे और वे जेल जाएं। पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, “यह हत्या बुलु राय और सफाईकर्मी लक्ष्मण राय ने सोची-समझी साजिश के तहत की थी। आरोपितों ने दूसरे को फंसाने की नीयत से दिव्यांग की जान ले ली।”

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


