ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाऔरंगाबाद: डीजे बजाने से रोकने पर भड़के लोगों ने थाने पर किया पथराव

औरंगाबाद: डीजे बजाने से रोकने पर भड़के लोगों ने थाने पर किया पथराव

सदर प्रखंड के जम्होर थाना क्षेत्र में लक्ष्मी पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन में डीजे बजाने से रोकने पर भड़के लोगों ने जम्होर थाना पर पथराव कर दिया। शनिवार की शाम जम्होर बाजार और आसपास की दो पूजा...

औरंगाबाद: डीजे बजाने से रोकने पर भड़के लोगों ने थाने पर किया पथराव
औरंगाबाद। Sat, 10 Nov 2018 10:58 PM
ऐप पर पढ़ें

सदर प्रखंड के जम्होर थाना क्षेत्र में लक्ष्मी पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन में डीजे बजाने से रोकने पर भड़के लोगों ने जम्होर थाना पर पथराव कर दिया। शनिवार की शाम जम्होर बाजार और आसपास की दो पूजा समितियों की मूर्तियों का विसर्जन होना था।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने डीजे बजाने से मना कर रखा था लेकिन समिति के लोग डीजे बजाने पर अड़े हुए थे। इस बात को लेकर भड़के लोगों ने जम्होर थाना पर पथराव कर दिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस की गाड़ी भी तोड़ दी गई। भीड़ द्वारा किए गए पथराव से कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई हैं। पथराव के बाद पुलिस ने आत्म रक्षार्थ फायरिंग की जिसके बाद भगदड़ मच गई।

मामले की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को दी गई जिसके बाद एसडीओ डॉ प्रदीप कुमार और एसडीपीओ अनूप कुमार दल बल के साथ जम्होर पहुंचे। पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया और करीब 20 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ लोग शराब पीकर इस जुलूस में शामिल हुए थे और आपस में लड़ रहे थे। पुलिस ने डीजे बजाने से भी मना कर रखा था और इन्हीं बातों को लेकर लोग पुलिस से उलझ पड़े। पुलिस यहां से हटने लगी तो उपद्रवियों ने थाना पर पथराव कर दिया।

इस संबंध में एसपी डॉ सत्यप्रकाश ने बताया कि पथराव में कुछ लोगों को चोट आई है। एक गाड़ी तोड़ी गई है।  मामला नियंत्रण में है और पुलिस ने लगभग 20 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। एसपी ने फायरिंग की बात से इंकार किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें