पटना ट्रैफिक पुलिस ने कार के नंबर पर हेलमेट का चालान काटा
पटना ट्रैफिक पुलिस ने एक प्रोफेसर के कार रजिस्ट्रेशन नंबर पर हेलमेट नहीं पहनने के उल्लंघन के लिए 1000 रुपये का चालान जारी किया है। प्रोफेसर ने बताया कि वह कार से कॉलेज जाते हैं और उनके पास बाइक नहीं है। ट्रैफिक पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से गुरुवार को एक कार के रजिस्ट्रेशन नंबर पर हेलमेट ना पहने के उल्लंघन के आरोप में चालान काटा गया है। पीड़ित कॉलेज ऑफ कॉमर्स में बतौर प्रोफेसर हैं। उन्हें 14 दिनों के अंदर कार के नंबर पर हुए एक हजार के जुर्माने को जमा करने का नोटिस जारी किया गया है। कॉलेज ऑफ कॉमर्स में मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जयमंगल देव ने बताया कि उनकी कार के रजिस्ट्रेशन नंबर पर हेलमेट नहीं लगाने के आरोप में एक हजार का चालान काटा गया है, इससे संबंधित सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी गई है।
ऑनलाइन जेनरेटेड इस चालान रसीद में यह विवरण भी दिया गया है कि 9 अप्रैल को पटना के दिनकर गोलंबर चौराहे के पास उक्त नंबर के वाहन चालक द्वारा हेलमेट पहनने के नियम का उल्लंघन किया गया और इसके लिए चालान काटा गया है। ऑनलाइन चालान रसीद में वाहन के प्रकार के रूप में लाइट मोटर व्हीकल मोटर दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वे कार से कॉलेज जाते हैं। घर में बाइक नहीं है फिर उनके नाम से चालान कैसे आ गया? चालान में जो बाइक दिख रही है उस पर दो लोग सवार हैं, जिसमें एक ने हेलमेट नहीं पहनी है। वह कहते हैं कि बाइक किसकी है मुझे नहीं पता है, लेकिन उनकी कार से आये जुर्माने को लेकर वे चिंतित हैं। यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से कई कार पर हेलमेट नहीं पहनने के आरोप में चालान किया जा चुका है। बता दें कि शहर में वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए गांधी मैदान स्थित इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर है, जो पटना स्मार्ट सिटी द्वारा बनाया गया है लेकिन इसका संचालन यातायात पुलिस के द्वारा किया जाता है। इधर यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। किसके स्तर से गलती हुई है। जांच में जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


