
पटना मेट्रो कॉरिडोर-वन के टनल निर्माण के लिए मिट्टी की जांच शुरू
पटना मेट्रो कॉरिडोर वन में टनल की खुदाई से पहले मिट्टी की जांच शुरू कर दी गई है। रुकनपुरा से पटना जंक्शन के बीच 12 जगहों पर 50 मीटर अंदर तक बोरिंग की जाएगी। 2565.80 करोड़ रुपये की लागत से छह भूमिगत स्टेशनों सहित टनल का निर्माण होगा।
पटना मेट्रो कॉरिडोर वन में टनल की खुदाई से पहले मिट्टी की जांच शुरू की गई है। ताकि यह जानकारी मिल सके कि कहां की मिट्टी किस तरह की है। इसके लिए रुकनपुरा से पटना जंक्शन के बीच 12 जगहों पर 50 मीटर अंदर तक बोरिंग की जा रही है। जिसके माध्यम से हर एक मीटर की मिट्टी बाहर निकाल कर जांच के लिए लैब में भेजी जाएगी। मेट्रो से मिली जानकारी के अनुसार 50 से अधिक जगहों पर नेहरू पथ के दोनों किनारे मिट्टी की जांच होनी है। इसी के आधार पर जमीन के अंदर टनल के लिए मार्ग तैयार किया जाएगा।

टनल खुदाई के लिए जनवरी में पहुंचेगी दो टीबीएम मेट्रो की ओर से पटना जंक्शन से रुकनपुरा और मीठापुर तक 9.35 किमी में टनल तैयार होना है। इस कॉरिडोर में टनल तैयार करने के लिए आठ टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) की जरूरत होगी, लेकिन खुदाई प्रारंभ करने के लिए पहले चरण में दो टीबीएम जनवरी में पटना पहुंचेगी। पटना जंक्शन पर कॉरिडोर-टू में आकाशवाणी होते हुए गांधी मैदान तक टनल तैयार करने के लिए भू-तल से लगभग 11-12 मीटर नीचे शाफ्ट का निर्माण हुआ था, लेकिन कॉरिडोर-वन का टनल तैयार करने के लिए भू-तल से लगभग 23-24 मीटर नीचे से खुदाई प्रारंभ होगी। इसी कारण शाफ्ट के लिए 10-11 मीटर नीचे और खुदाई की जा रही है। कॉरिडोर-वन में 2565.80 करोड़ रुपये से छह भूमिगत स्टेशन सहित टनल का निर्माण होगा। इसका निर्माण 42 माह में पूरा होना है। इन छह भूमिगत स्टेशनों का होना है निर्माण : मेट्रो के कॉरिडोर वन का दो भागों में निर्माण होना है। पहले भाग में रुकनपुरा, राजा बाजार और चिड़ियाघर स्टेशन बनेगा। पाटलिपुत्र एलिवेटेड स्टेशन के बाद रुकनपुरा रैंप से विकास भवन तक टनल का निर्माण होगा। इसका निर्माण 1147.50 करोड़ रुपये में होगा। दूसरे भाग में विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जंक्शन स्टेशन का निर्माण होगा। विकास भवन से पटना जंक्शन होते हुए मीठापुर रैंप तक टनल बनेगा। इसका निर्माण 1418.30 करोड़ से होगा। पटना जंक्शन के पास जमीन के अंदर 6 मीटर में एक साथ दौड़ेगी दो मेट्रो : कॉरिडोर वन और दो से आने वाली भूमिगत मेट्रो डाकबंगला चौराहे के पास से 6 मीटर की दूरी पर एकसाथ चलते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। गांधी मैदान से आकाशवाणी होते हुए जंक्शन आने वाली मेट्रो जमीन से 11-12 मीटर नीचे से जंक्शन के दूसरे तल के प्लेटफार्म पर पहुंचेगी। राजा बाजार, विकास भवन, विद्युत भवन से आने वाली मेट्रो जमीन से 23-24 मीटर नीचे से जंक्शन के तीसरे तल के प्लेटफार्म पर पहुंचेगी। कॉरिडोर-दो के गांधी मैदान से आने वाली मेट्रो पटना जंक्शन तक रहेगी। जो पुन: उसी दिशा में वापस हो जाएगी। कॉरिडोर-वन से आने वाली मेट्रो पटना जंक्शन होते हुए खेमनीचक तक जाएगी। दानापुर से राजा बाजार, विद्युत भवन होते हुए पटना जंक्शन तक आने वाली मेट्रो मीठापुर, जगनपुरा होते हुए खेमनीचक तक जाएगी। इसके बाद पुन: उसी दिशा में वापस हो जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




