
आईजी ने रामकृष्णा नगर के दारोगा का वेतन रोकने का दिया आदेश
पटना के रेंज आईजी जितेन्द्र राणा ने मद्यनिषेध मामलों की समीक्षा की। उन्होंने शराब तस्करी के मामलों में तेजी लाने और बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से तस्करों की पहचान करने और जमानत पर मौजूद आरोपियों की जमानत रद्द करने का प्रस्ताव कोर्ट में देने की बात कही।
रेंज आईजी पटना जितेन्द्र राणा ने गुरुवार को मद्यनिषेध के मामलों की समीक्षा की। उन्होंने वरीय और जांच अधिकारियों को शराब तस्करी के लबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी हाल में बड़े तस्कर कार्रवाई से छूटने नहीं चाहिए। तकनीकी अनुसंधान से उनकी संलिप्तता साबित करें। शराब धंधेबाज जमानत पर हैं और अनुसंधान में सहयोग नहीं कर रहे तो जमानत खत्म करने का प्रस्ताव कोर्ट को दें। जांच में लापरवाही बरतने पर रामकृष्णा नगर के दारोगा अंकुश कुमार का वेतन रोकने का आदेश दिया। गांधी मैदान स्थित आईजी कार्यालय में रेंज आईजी पटना जितेन्द्र राणा की अध्यक्षता में मद्यनिषेध के मामलों की गुरुवार को समीक्षा बैठक हुई।
इसमें उन्होंने शराब तस्करी से जुड़े लबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा। कहा कि तकनीकी अनुसंधान से बड़े शराब तस्कर और तस्करी में प्रयुक्त वाहन मालिक का पता लगाएं। किसी भी हालत में आरोपित छूटने नहीं चाहिए। जीएसटी नंबर व चेक के माध्यम से पता लगाया जाए कि शराब की राशि का भुगतान किस व्यक्ति के खाते में किया गया। वास्तविक लाभार्थी कौन है? जब्त वाहन पर लगे फास्टटैग से भी जानकारी जुटाई जा सकती है कि फास्टटैग किसने निर्गत कराया है और उसे किस व्यक्ति ने रिचार्ज किया। वाहन के कागजात से जुटाएं जानकारी : शराब ढोने वाले वाहन का फाइनांस किसने और किस बैंक से कराया, इससे भी शराब तस्करों का पता लगाया जा सकता है। शराब तस्करी के मामले में जब्त मोबाइल फोन का सीडीआर का विश्लेषण कर वास्तविक धारक का पता लगाते हुए अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। शराब धंधेबाज अथवा आरोपित यदि जमानत पर है और मामले की अनुसंधान में सहयोग नहीं कर रहा तो उसकी जमानत रद्दीकरण के लिए प्रस्ताव कोर्ट में समर्पित करें। प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक-सह-गौरीचक थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि धनरुआ थाना पटना के शराब से सबंधित कांड संख्या-133/21. 161/22, 314/23 और 662/23 की समीक्षा अपने स्तर से कर कांड में प्रगति प्रतिवेदन समर्पित करें। इसमें एसपी पूर्वी, डीएसपी -2, मसौढ़ी 2, थानाध्यक्ष परसा बाजार, रामकृष्णानगर, गोपालपुर, गौरीचक और धनरुआ के साथ ही इन थाना के शराब तस्करी के मामले के जांच अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




