
पटना पुस्तक मेला 5–16 दिसंबर तक, दुनिया की सबसे महंगी किताब ‘मैं’ की प्रदर्शनी
संक्षेप: पटना पुस्तक मेला 5-16 दिसंबर तक गांधी मैदान में आयोजित किया जा रहा है। इस बार की थीम 'वेलनेस' है। मुख्य आकर्षण में दुनिया की सबसे महंगी किताब 'मैं' की प्रदर्शनी होगी। स्वास्थ्य-संवाद, राष्ट्रीय मुशायरा, और युवाओं के लिए 'तेरी मेरी प्रेम कहानी' कार्यक्रम समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से पटना पुस्तक मेला का आयोजन 5-16 दिसंबर तक गांधी मैदान में किया जा रहा है। इस बार की थीम ‘वेलनेस-अ वे ऑफ लाइफ' है। यह जानकारी सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष रत्नेश्वर सिंह ने दी। 41 वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले में दुनिया की सबसे महंगी किताब “मैं” की प्रदर्शनी इस बार मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। इसपर केंद्रित ‘ग्रन्थ उदय’ कार्यक्रम भी होगा, जिसमें अधिक संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना है।

थीम पर केन्द्रित राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम स्वास्थ्य-संवाद होगा, जिसमें डॉक्टर विकास शंकर के संयोजन में देश के प्रमुख डॉक्टरर्स श्रोताओं से सीधे संवाद करेंगे। पटना लिटरेरी फेस्टिवल और पटना पुस्तक मेला के संयुक्त बैनर तले आयोजित राष्ट्रीय मुशायरा में हिमांशी बाबरा, सैयद तबरेज मुन्नवर राणा समेत अन्य कवि अपने रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। खासकर युवाओं के लिए ‘तेरी मेरी प्रेम कहानी’ कार्यक्रम होगा, जिसमें देश के चर्चित किस्सागो डॉक्टर कुमार विमलेन्दु दुनिया की चर्चित प्रेम कहानियां सुनाएंगे।
इस दौरान विशेष कलाकारों की कलाकृतियों को भी प्रस्तुत किया जाएगा। सिनेमा-उनेमा फिल्म फेस्टिवल के लिए एक सिनेमा हॉल निर्मित किया जाएगा, जिसमें कुमार रविकांत के संयोजन में प्रत्येक दिन फीचर फिल्म, शार्ट फिल्म और वृत्तचित्र दिखाया जाएगा। स्कूल उत्सव, आओ आओ नाटक देखो, ज्ञान और गुरुकुल समेत कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस बार सीआरडी पटना पुस्तक मेले में 200 स्टॉल होंगे, जिसमें प्रभात प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, ज्ञानपीठ, उपकार प्रकाशन, प्रकाशन संस्थान समेत कई प्रकाशक भाग लेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




