राजगीर में मार्च तक तैयार होगा समानांतर रोपवे : CM नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश का पहला रोपवे राजगीर में है। इसके समानांतर बन रहा रोपवे मार्च तक तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री सोमवार को एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में विश्व शांति स्तूप, राजगीर के...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश का पहला रोपवे राजगीर में है। इसके समानांतर बन रहा रोपवे मार्च तक तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री सोमवार को एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में विश्व शांति स्तूप, राजगीर के 50वें स्थापना दिवस और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर 25 से 27 अक्टूबर तीन दिनों तक चलने वाले समारोहों की तैयारी की समीक्षा के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजगीर में चलने वाले इस समारोह में देश और विदेश से बौद्ध धर्मावलम्बी और गांधी विचारक शामिल होंगे।
बैठक में पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव ने तैयारियों की रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व शान्ति स्तूप का 50वां स्थापना दिवस है, इसलिए सड़क दुरुस्त करने के साथ ही अशोका पिलर तक जाने का रास्ता ठीक होना चाहिए। 1969 में विश्व शान्ति स्तूप का उद्घाटन हुआ था, जिसे जापानी बौद्ध धर्मावलम्बी फुजी गुरुजी ने बनवाया था। उस समय एक बड़ा सम्मेलन हुआ था, जिसमें विनोबा भावे और जयप्रकाश नारायण भी शामिल हुये थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उक्त आयोजन पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम हो। इसमें 50 फीसदी महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो। 25 से 30 एकड़ क्षेत्र में व्यवस्था होनी चाहिये, जिसमें बौद्ध धर्मावलम्बियों एवं गांधी विचारकों द्वारा व्यक्त किये गये विचारों को सुनने के लिए लोग एकत्रित हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के लिए पुलिस एकेडमी, अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर के बगल में गेस्ट हाउस के लिए खाली पड़ी भूमि तथा नालंदा यूनिवर्सिटी या आईसीटीसी के लिए जो जगह है, उसका चयन किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में समाज सुधार, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बिहार में चलाए जा रहे अभियान और गांधी जी द्वारा बताये गये सात सामाजिक पापों पर भी फोकस करें। इसके साथ ही गृद्धकूट पर्वत को भी फोकस में लाना चाहिए, जहां 12 वर्षों तक भगवान बुद्ध ने प्रवचन दिया था। शान्ति स्तूप तक पहुंचने के लिए जो रास्ता है वहां रेलिंग बनायें। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजगीर के 50 से 100 किलोमीटर के रेडियस में लोगों को प्रेरित करें।