योजनाओं की निगरानी को पंचायत स्तर पर बनेगी कमेटी : मंत्री
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने अपने विभाग में कामकाज शुरू किया। उन्होंने जिला परिषद की संपत्तियों को विकसित करने और रोजगार सृजन के लिए योजनाओं की निगरानी हेतु समिति गठित करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने विभागीय संरचना समझी और अधिकारियों से मुलाकात की, साथ ही कार्यों की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए निर्देश दिए।

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार को विभाग में कामकाज शुरू कर दिया। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिला परिषद की संपत्ति को चिह्नित कर उन्हें विकसित किया जाएगा, जिससे विभाग की आय में वृद्धि हो और स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिल सके। ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के अनुश्रवण हेतु एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें राजनीतिक दल के सदस्य शामिल होंगे। मंत्री ने विभाग की संरचना एवं कार्यप्रणाली को समझा। पदाधिकारियों एवं कर्मियों से मुलाकात कर उनके दायित्वों के बारे में जानकारी ली। विभाग की संरचना एवं कार्यप्रणाली को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
साथ ही विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मंत्री ने विभागीय पदाधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगरानी के लिए कमेटी का गठन होने से योजनाओं के क्रियान्वयन की पारदर्शिता बढ़ेगी। पंचायती राज विभाग के सभी रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा। राज्य में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने, रोजगार सृजन एवं योजनाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में विभाग प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगा। मंत्री ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में नवाचार अपनाने को भी कहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




