धान खरीद के लिए पैक्स और व्यापार मंडल कितने हैं तैयार, जानें
जिले में बुधवार से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। अभी धान खरीद का कोई लक्ष्य नहीं रखा गया है। 31 मार्च तक धान की खरीद होगी। इसके लिए सभी पैक्सों को तैयारी करने का आदेश दिया गया है। हालांकि पैक्स के...
जिले में बुधवार से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। अभी धान खरीद का कोई लक्ष्य नहीं रखा गया है। 31 मार्च तक धान की खरीद होगी। इसके लिए सभी पैक्सों को तैयारी करने का आदेश दिया गया है। हालांकि पैक्स के एकाउंट में न तो राशि आयी है और न ही धान खरीद के लिए किसी तरह का प्रशिक्षण दिया गया है।
यहां तक कि पैक्स के बाहर धान खरीद के संबंध में बैनर भी नहीं लगाया गया है। ज्यादातर इलाकों में धान की कटनी अभी शुरू ही हुई है। कटे हुए धान में नमी की मात्रा बहुत है। संयुक्त कृषि निदेशक उमेश चौधरी ने बताया कि पटना प्रमंडल में अभी धान की कटनी शुरू हुई है। एक सप्ताह में कटनी कार्य गति पकड़ेगा। ऐसे में धान खरीद पर देरी हो सकती है।
पिछले साल 31 मार्च तक 331 पैक्सों और 24 व्यापार मंडलों के माध्यम से धान की खरीद हुई थी। जिले में 1 लाख 2 हजार 611 मिट्रिक टन धान खरीद की हुई थी जबकि 4.49 लाख टन धान का उत्पादन हुआ था। जिला सहकारिता पदाधिकारी लवली कुमारी ने बताया कि इस साल 3 लाख 70 हजार पैक्स के सदस्य बनाने हैं। पैक्स के लिए 5744 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। जबकि धान खरीद के लिए 30 हजार 311 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसमें मात्र 755 किसानों का निबंधन हुआ है। उन्होंने बताया कि बिना आधार के न तो किसानों का ऑनलाइन निबंधन होगा और न ही पैक्स और व्यापार मंडल का रजिस्ट्रेशन होगा।