पारा मेडिकल संस्थानों को मान्यता देने की प्रक्रिया बदलेगी
राज्य के पारा मेडिकल संस्थानों की मान्यता की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग संस्थानों की तर्ज पर इसे लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था पारदर्शिता को बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए बनाई गई है। पारा मेडिकल और फार्मेसी कॉलेजों के लिए यह प्रक्रिया लागू होगी।

राज्य के पारा मेडिकल संस्थानों को भी मान्यता देने की प्रक्रिया बदलेगी। नर्सिंग संस्थानों की तर्ज पर ही उन्हें भी ऑनलाइन मान्यता देने की स्वास्थ्य विभाग की तैयारी है। विभागीय पदाधिकारी बताते हैं कि संस्थानों में विद्यार्थियों की दी जा रही सुविधाओं को और सुदृढ़ करने और मान्यता के लिए आवेदन देने से लेकर एनओसी आदि दिये जाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के मकसद से यह निर्णय लिया गया है। आगे इसको लेकर विधिवत रूप से दिशा-निर्देश जारी होगा। विभाग के पदाधिकारी बताते हैं कि इसको लेकर एक विस्तृत और आधुनिक सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। पोर्टल पर संबंधित संस्थानों की सारी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
इसमें संस्थानों के प्रयोगशाला, शिक्षक-कर्मियों की स्थिति, उनके आधारभूत संरचनाएं, कैंपस की व्यवस्था आदि सभी जानकारी वीडियो के साथ उपलब्ध रहेगी। ताकि, इस व्यवस्था को पूरी तरीके से पारदर्शी बनाया जा सके। संस्थानों की क्या स्थिति है, इसकी पूरी जानकारी संबंधित विद्यार्थी अथवा उनके अभिभावक भी पोर्टल पर जाकर देख सकेंगे। सभी फैकल्टी की तस्वीर भी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से रहेगी। पदाधिकारी बताते हैं कि लंबे प्रयास के बाद नर्सिंग कॉलेजों के लिए ऑनलाइन व्यवस्था बन पायी है। अब आगे पारा मेडिकल के साथ ही फार्मेसी कॉलेजों के लिए भी यह व्यवस्था लागू करने का निर्णय विभाग के द्वारा लिया गया है। संस्थानों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर विद्यार्थी डिग्री हासिल करें, इसे सुनिश्चित किया जाएगा।राज्य में पारा मेडिकल के 33,171 सीटें हैं : राज्य में पारा मेडिकल संस्थानों में 33 हजार 171 सीटें हैं। इनमें 42 सरकार संस्थान हैं, जिनमें 3321 सीटें हैं। निजी क्षेत्र में 86 पारा मेडिकल संस्थान हैं, जिनके पास 29 हजार 850 सीटें उपलब्ध हैं। राज्य में निजी और सरकार दोनों तरह की संस्थानों की संख्या अभी और बढ़ेगी। विभाग के पदाधिकारी बताते हैं कि सीतामढ़ी, औरंगाबाद, शिवहर और बेगूसराय में सरकारी पारा मेडिकल संस्थान निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। राज्य में 125 सरकारी तथा 531 निजी नर्सिंग संस्थान हैं, जिनमें क्रमश: 7538 और 33 हजार 500 सीटें हैं। इस तरह कुल 41 हजार सीटें हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


