
जदयू दफ्तर पहुंचे नीतीश, वार रूम का लिया जायजा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को जदयू कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने चुनावी वार रूम का निरीक्षण किया और मतदान की जानकारी ली। सीएम ने अधिक से अधिक मतदाता निकालने की अपील की। इसके बाद उन्होंने पार्टी के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को अचानक जदयू कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की और उनका कुशल क्षेम पूछा। इस दौरान उन्होंने पूरे जदयू प्रदेश दफ्तर का जायजा लिया। पूरे परिसर का भ्रमण किया। उनके साथ संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी थे। सीएम ने विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए वार रूम का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान के क्रम में पूरे राज्य से आ रही सूचनाओं का लाइव जायजा लिया। साथ ही वहां के लोगों से मतदान की जानकारी ली। उन्होंने वार रूम की कार्यप्रणाली का काफी देर तक मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने वार रूम से सबसे मतदाताओं को निकालने और अधिक से अधिक संख्या में मतदान की अपील भी की।

सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री जदयू दफ्तर पहुंचे। वहां प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय गांधी, ललन सर्राफ, अनिल कुमार ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री जदयू दफ्तर पहुंचने के बाद पहले अपने कक्ष की ओर गए। उसके बाद वे कार्यालय में सभी कमरों में घूमे। वहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले। प्रकोष्ठों के कमरों में भी जाकर लोगों से मुलाकात की। वे आधा घंटा जदयू कार्यालय में रहे। इसके पहले सुबह सीएम केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के घर पहुंचे। वहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री संसदीय कार्यमंत्री विजय चौधरी के आवास पहुंचे। वहां भी सीएम काफी देर तक रहे। फिर वहां से जदयू कार्यालय पहुंचे। देर शाम मुख्यमंत्री ने पार्टी के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक अणे मार्ग में बैठक भी की। इसमें केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और संसदीय कार्यमंत्री विजय चौधरी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




