नीतीश कुमार ने रचा नया कीर्तिमान : संजय
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को बहाल किया और समाज के हर वर्ग के लिए योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की। आज बिहार विकास और विश्वास की ओर अग्रसर है।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के उन विरले राजनीतिज्ञों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था के सभी सदनों का सदस्य रहने का गौरव प्राप्त है। स्पष्ट दृष्टि, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनता के प्रति अथाह समर्पण के साथ नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। यही कारण है कि बिहार की जनता ने उन्हें बार-बार अपना विश्वास दिया है। श्री झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने ऐसे समय में बिहार का नेतृत्व संभाला था, जब राज्य हिंसा की आग में झुलस रहा था और चारों ओर असुरक्षा की भावना व्याप्त थी।
अपराधियों का बोलबाला था और शाम होने के बाद लोग अपने-अपने घरों में सिमट जाते थे। कानून-व्यवस्था पर से लोगों का विश्वास लगभग उठ चुका था। वर्ष 2005 में शासन संभालते ही उन्होंने सबसे पहले राज्य में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह बहाल करने पर ध्यान दिया। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति अपनाई और उन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। यही वजह है कि उन्हें सुशासन बाबू कहा जाने लगा। जंगलराज की समाप्ति कर उन्होंने बिहार की ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाया।समावेशी विकास की भावना के तहत समाज के हर वर्ग तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व पहल उनके नेतृत्व की पहचान रही है। आज बिहार पिछड़ेपन और भय के वातावरण से निकलकर विकास, विश्वास और नई संभावनाओं की ओर तेजी से अग्रसर है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


