निफ्ट: स्पेक्ट्रम में 12 से युवा डिजाइनर दिखाएंगे प्रतिभा
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) पटना ने 'स्पेक्ट्रम 2026' महोत्सव की तिथियां 12 से 14 मार्च घोषित की हैं। यह आयोजन युवा डिजाइनरों की प्रतिभा को बढ़ावा देने और बिहार की हस्तशिल्प विरासत को संरक्षित करने का उद्देश्य रखता है। पहले दिन क्राफ्ट बाजार और पारंपरिक हेरिटेज फैशन वॉक होगा।

राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) पटना ने अपने वार्षिक आयोजन ‘स्पेक्ट्रम 2026’ की तिथियां घोषित कर दी है। फैशन, संस्कृति और शिल्प में रचनात्मकता को समेटे यह आयोजन 12 से 14 मार्च तक मीठापुर स्थित संस्थान के परिसर में होगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य युवा डिजाइनरों की प्रतिभा को मंच देना और बिहार की समृद्ध हस्तशिल्प और हथकरघा विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। निफ्ट पटना के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा ने बताया कि पहले दिन 12 मार्च को शाम 5 बजे क्राफ्ट बाजार का उद्घाटन होगा। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। इसके बाद स्पिक मैके के तहत नियाजी ब्रदर्स की कव्वाली होगी।
वहीं हेरिटेज फैशन वॉक का भी आयोजन किया जाएगा, जहां बिहार की पारंपरिक धरोहर को समकालीन अंदाज में पेश किया जाएगा। कारीगरों का सम्मान भी इस दिन का मुख्य आकर्षण रहेगा। दूसरे दिन 13 मार्च को क्राफ्ट बाजार के साथ-साथ वियरेबल आर्ट वॉक, नृत्य नाटिका और बैंड की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, अंतिम दिन 14 मार्च को शाम 7 बजे स्पेक्ट्रम फैशन वॉक होगा। इस भव्य समापन समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह होंगे। मिस्टर एंड मिस स्पेक्ट्रम प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


