
पीएमसीएच: न्यूरो के मरीज भी भर्ती होंगे, इमरजेंसी में 20 बेड मिले
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नए वर्ष पर न्यूरो विभाग को 20 नए बेड मिले हैं, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी। इमरजेंसी में अब कुल 40 बेड बढ़ाए गए हैं, जिससे इनडोर सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। टीबी एंड चेस्ट विभाग को भी 20 बेड उपलब्ध कराए गए हैं।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नए वर्ष पर न्यूरो विभाग को नई सौगात मिली है। अब न्यूरो के मरीज भी पीएमसीएच में भर्ती होंगे। गुरुवार को पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. आईएस ठाकुर ने न्यूरो विभाग को पहली बार इमरजेंसी में 20 बेड उपलब्ध कराया है। साथ ही टीबी एंड चेस्ट विभाग को भी 20 बेड उपलब्ध हुआ है। इस प्रकार नए वर्ष के पहले दिन पीएमसीएच के इमरजेंसी में 40 बेड की बढ़ोतरी हुई है। इससे मरीजों को राहत मिलेगी। पीएमसीएच में अबतक न्यूरो विभाग में सिर्फ ओपीडी ही चलता था। एक जनवरी को 20 बेड उपलब्ध कराने के बाद अब इनडोर सेवा भी शुरू कर दी गई है।
न्यूरो विभाग लंबे समय से बेड की मांग कर रहा था, जो इस वर्ष के पहले दिन पूरा हो गया। अधीक्षक डॉ.आईएस ठाकुर ने बताया कि न्यूरो के साथ-साथ टीबी एंड चेस्ट विभाग को भी 20 बेड उपलब्ध कराया गया है। हालांकि इससे पहले टीबी एंड चेस्ट विभाग के मरीजा हथुआ वार्ड में भर्ती होते थे। भवन जर्जर होने के कारण बारिश के मौसम में टीबी एंड चेस्ट के मरीजों को बहुत परेशानी होती थी। आईजीसीसी के पुराने भवन में चल रहे इमरजेंसी में बेड उपलब्ध करा दिया गया है। न्यूरो विभाग को पहली बार बेड उपलब्ध कराया गया है। पीएमसीएच के नवनिर्मित भवन में 60 बेड का मेडिकल इमरजेंसी हस्तांतरित करने के बाद पुरानी इमरजेंसी में न्यूरो विभाग को बेड उपलब्ध कराया गया है। वहीं टीबी एंड चेस्ट विभाग के लिए इमरजेंसी में बेड हस्तांतरित किया गया है। पीएमसीएच में अब इमरजेंसी में करीब 140 बेड की सुविधा हो गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




