
रेलवे स्टेशन के पास नई व्यवस्था के बाद भी परेशान रहे लोग
पटना जंक्शन से कंकड़बाग और हनुमाननगर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। अब ऑटो और ई-रिक्शा को टाटा पार्क के पास पार्किंग करनी होगी। हालांकि, कई ऑटो चालक निर्धारित स्थल से आगे खड़े हो जाते हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है।
पटना जंक्शन से कंकड़बाग और हनुमाननगर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के लिए शुक्रवार से नई व्यवस्था लागू कर दी गई। ऑटो और ई-रिक्शा को रेलवे स्टेशन के पास स्थित टाटा पार्क के पास पार्किंग करना है। यातायात पुलिस ने इसे बखूबी से लागू भी कराया पर कई ऐसे ऑटो थे जो निर्धारित स्थल के आगे वाहनों को खड़ा कर दिए जिससे रेलवे स्टेशन से आने वाले यात्रियों को पता नहीं चल पाया कि वे ऑटो पकड़ने के लिए कहां जाएंगे। क्योंकि ऑटो फ्लाईओवर की ओर लगा दिए थे ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री गोलंबर के पास ही इंतजार कर रहे थे।

यातायात पुलिस के कई पदाधिकारी मौके पर जब तक मौजूद थे व्यवस्था काफी दुरुस्त रही, लेकिन उनके जाते ही ऑटो चालकों की मनमानी शुरू हो गई। पटना जंक्शन के निकास और प्रवेश द्वार के पास ऑटो का जमावड़ा न हो इसके लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था को लागू की गई। ट्रैफिक पुलिस के अलावा आरपीएफ भी वहां मौजूद थे। कंकड़बाग से रेलवे स्टेशन आने वाले ऑटो को गोलंबर के पास खड़ा करने पर रोक लगा दी गई है। गोलंबर के पास ऑटो और ई-रिक्शा खड़ा किए जाने के कारण हर रोज जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। इस समस्या का समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस ने टाटा पार्क के पास पार्किंग की व्यवस्था की है। हालांकि ऑटो चालक मुख्य सड़क के किनारे ही वाहनों को खड़ा कर यात्रियों को बैठाते हैं इससे इस रूट से आने वाले वाहनों को जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। शुक्रवार को ट्रैफिक एसपी वैभव शर्मा खुद इस क्षेत्र में नई व्यवस्था की निगरानी करते दिखे। उन्होंने बताया कि ऑटो संघ से कहा गया है कि जो व्यवस्था बनाई गई है उसका चालकों से अनुपालन कराएं। इससे आम लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसी प्रकार जीपीओ के पास भी ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद रही। बुद्ध मार्ग में शुक्रवार को कई जगहों पर नो पार्किंग एरिया में ऑटो और निजी वाहन खड़े दिखे। खासकर शाम को यह समस्या अधिक रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


