सूबे के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिले नए बर्तन
बिहार के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए नए स्टील के बर्तनों की आपूर्ति शुरू हो गई है। 3 से 6 साल के बच्चों के उपयोग के लिए 14 प्रकार के बर्तनों की खरीद की गई है। इससे खाना पकाने और बच्चों को साफ-सुथरे तरीके से खाना खिलाने में सहूलियत होगी।

राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के उपयोग के लिए नए स्टील के बर्तनों की आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे बच्चों में खुशी देखी जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 साल के बच्चों के उपयोग के लिए नए बर्तनों की खरीद की गई है। इन बर्तनों को हरेक आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका एवं सहायिका को सौंपा जा रहा है। शनिवार को समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर 14 प्रकार के बर्तनों की आपूर्ति के निर्देश दिए गए है। विभाग के अनुसार, आपूर्ति किए जा रहे बर्तनों में खाना पकाने के लिए भगोना, कढ़ाही, जग, मिल्ककैन, कलछुल, पलटा, डब्बू शामिल हैं।
सब्जी काटने के लिए चाकू व छिलनी भी उपलब्ध कराया गया है। बर्तनों में बच्चों को खाना खिलाने के लिए थाली, कटोरी, ग्लास, चम्मच उपलब्ध कराया गया है, जिससे बच्चे साफ-सुथरे तरीके से खाना खा सकेंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3-6 साल के बच्चों को पूरक पोषाहार में खाना एवं नाश्ता दिया जाता है। पूरक पोषाहार में दिये जाने वाले मेनू के अनुसार भोजन तैयार करने एवं खिलाने के लिए बर्तनों की आपूर्ति की जा रही है। बर्तनों की आपूर्ति होने से आंगनवाड़ी सहायिका के लिए खाना तैयार करना सुलभ होगा। इसके पहले आंगनवाड़ी केंद्रों पर गैस चूल्हे की भी आपूर्ति की गई है। बिहार में कुल 1.15 लाख आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन केंद्रों पर करीब 52 लाख बच्चों को पूरक पोषाहार दिया जाता है। इन आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों को मार्च 2026 तक पोशाक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


