ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनामध्यप्रदेश ने 24 घंटे में सोन में छोड़ा छह लाख घनसेक पानी

मध्यप्रदेश ने 24 घंटे में सोन में छोड़ा छह लाख घनसेक पानी

मध्यप्रदेश सरकार ने 24 घंटे के भीतर वाणसागर डैम से सोन में लगभग छह लाख घनसेक से अधिक पानी छोड़ दिया है। वह पानी बिहार पहुंचा नहीं है, इसके बावजूद सोन के जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा होने से डेहरी बराज का...

मध्यप्रदेश ने 24 घंटे में सोन में छोड़ा छह लाख घनसेक पानी
हिन्दुस्तान टीम,पटनाMon, 10 Sep 2018 12:58 AM
ऐप पर पढ़ें

मध्यप्रदेश सरकार ने 24 घंटे के भीतर वाणसागर डैम से सोन में लगभग छह लाख घनसेक से अधिक पानी छोड़ दिया है। वह पानी बिहार पहुंचा नहीं है, इसके बावजूद सोन के जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा होने से डेहरी बराज का भी डिस्चार्ज बढ़कर तीन लाख 70 हजार घनसेक पहुंच गया है। उधर, नेपाल में रविवार की शाम हुई भारी वर्षा से कोसी और महानंदा का जलस्तर भी बढ सकता है।

लिहाजा जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। मध्य प्रदेश से छोड़े गये और वर्षा से डेहरी बराज का डिस्चार्ज बढ़ने से पानी पहुंचने पर मनेर में सोन का जलस्तर लाल निशान को पार कर जाएगा। अभी यह लाल निशान से 11 सेमी नीचे है। गंगा पहले से ही रौद्र रूप में है। लगभग 20 दिन से लाल निशान से ऊपर बह रही बागमती अब ढेंग को छोड़कर अपनी सीमा में आ गई है। इसके अलावा बूढ़ी गंडक और घाघरा अभी भी लाल निशान से कई जगह ऊपर है। उधर नेपाल के सीमा क्षेत्र धरान में आज शाम लगभग 73 एमएम वर्षा हुई है। इसका प्रभाव कोसी पर पड़ेगा। ऐसे भी कोसी में पानी का दबाव तटबंध पर बना हुआ है। इसके पूर्वी तटबंध का एक स्पर पर दबाव काफी बंट गया है। उसी तटबंध के 50.40वें किमी पर भी कटाव निरोधक काम को क्षति हुई है। इन दोनों जगहों पर इंजीनियर बाढ़ संघर्षात्मक काम में लगे हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने शनिवार को सात से आठ लाख घनसेक पानी वाणसागर बराज से छोड़ने की सूचना दी थी। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बात की तो सुबह साढ़े तीन लाख घनसेक ही पानी वहां से छोड़ा गया। लेकिन दोपहर बाद पहले डेढ़ लाख और बाद में फिर 70 हजार घनसेक वाणसागर से छोड़ दिया। रविवार की सुबह भी 40 हजार घनसेक वहां से पानी छोड़ा गया। इस प्रकार 24 घंटे में वाणसागर से छह लाख दस हजार घनसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी पांच दिन में पटना पहुंचेगा। सोन का जलस्तर बढ़ने से गंगा पर भी दबाव बढ़ेगा। राहत की बात यह है कि पुनपुन का जलस्तर तेजी से नीचे गिर रहा है। गंगा भी पटना में 24 घंटे में छह सेमी नीचे उतरकर स्थिर हो गई है। केन्द्रीय जल आयोग ने सोमवार तक इसमें और तीन सेमी कमी की उम्मीद जताया है। ऐसे अभी भी गांधी घाट में लाल निशान से 79 सेमी ऊपर बह रही है। पुनपुन नदी तेजी से उतरते हुए रविवार को श्रीपालपुर में लाल निशान से 12 सेमी ऊपर रह गई और कल तक इसके 72 सेमी और उतरने की संभावना है। बावजूद सोन का पानी बढ़ा तो गंगा के कई नये इलाकों में बाढ़ आ सकती है। लिहाजा जल संसाधन विभाग ने अधिकारियों को सचेत रहने का निर्देश पहले ही दे दिया है। उधर, जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा होने के कारण डेहरी सोन बराज का डिस्चार्ज भी काफी बढ़ गया है। छह बजे सुबह इसका डिस्चार्ज सवा दो लाख घनसेक था। लेकिन, दोपहर तीन बजे 3.80 लाख पार कर गया। बाद में इसमें कमी आई और शाम तक तीन लाख 70 हजार पर स्थिर हो गया। यह पानी भी मनेर में सोन को लाल निशान के पार पहंचाने के लिए काफी है। यह कल या परसो तक पहुंच सकता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें