
बिहार में बदलाव होकर रहेगा : मनोज झा
संक्षेप: राजद के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार के लोग पसंद कर रहे हैं और चुनाव बदलाव का है। उन्होंने बताया कि यह चुनाव बिहार में निवेश और विकास के लिए महत्वपूर्ण है। तेजस्वी हर घर सरकारी नौकरी देने का वादा कर रहे हैं और अत्याचार निवारण कानून लागू करने की बात की।
राजद के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता सह सांसद प्रो. मनोज कुमार झा ने दावा किया है कि तेजस्वी यादव को बिहार के लोग पसंद कर रहे हैं और यहां बदलाव होकर रहेगा। सोमवार को प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहा चुनाव बुनियादी तौर पर बदलाव वाला चुनाव है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि यह चुनाव तय करेगा कि क्या बिहार के हिस्से में टूटी-फूटी ट्रेन आया करेगी या तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में बदलाव के बाद पूंजी निवेश और विकास को आयाम मिलेगा। बिहार के साथ हमेशा सौतेलेपन का व्यवहार होता रहा है।

इस बार का चुनाव उस परिपाटी को बदलने का चुनाव है। तेजस्वी ने कभी भी गुजरात का नहीं, बल्कि वहां के नेताओं का विरोध किया है। तेजस्वी हर घर सरकारी नौकरी देने की बात कर रहे हैं और इस पर जिस तरह का नजरिया पेश किया जा रहा है इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि नफरत करने वालों को नौकरी और रोजगार की राजनीति पसंद नहीं है। 14 नवंबर के बाद बिहार में संविदा और आउटसोर्सिंग की नौकरी को नियमित किया जाएगा। अतिपिछड़ा पर होने वाले अत्याचार को समाप्त करने के लिए अत्याचार निवारण कानून को लागू किया जाएगा। तेजस्वी ने 17 महीने में बिहार को बदलने का काम किया था और नौकरी, रोजगार, विकास, पर्यटन और आईटी सेक्टर में अभूतपूर्व काम किए। मौके पर प्रो. नवल किशोर यादव, एजाज अहमद, सारिका पासवान, लारेब अकरम, प्रमोद कुमार सिन्हा, उत्पल बल्लभ, आरजू खान सहित अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




