ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनापांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त बिहार बनाएं : विजय सिन्हा

पांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त बिहार बनाएं : विजय सिन्हा

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बिहार को पांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त बनाने का संकल्प माननीयों को दिलाया। कहा, हमें संकल्प लेना होगा कि अपने...

पांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त बिहार बनाएं : विजय सिन्हा
हिन्दुस्तान टीम,पटनाFri, 22 Oct 2021 03:00 AM
ऐप पर पढ़ें

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बिहार को पांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त बनाने का संकल्प माननीयों को दिलाया। कहा, हमें संकल्प लेना होगा कि अपने परिवार को पांच सामाजिक अभिशापों नशा, अपराध, बालश्रम, बाल विवाह और दहेज मुक्त बनाएंगे। साथ ही हमारा परिवार पांच सामाजिक वरदानों - स्वच्छता, योग आयुर्वेद, जल संचय, प्रकृति और विरासत युक्त हो। वहीं, पांच सामाजिक सम्मान डिजीटल साक्षर, स्वरोजगार वाला, रोजगार सृजनकर्ता, सामाजिक योद्धा और सेवा समर्पण से पूर्ण हो हमारा परिवार।

विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष समारोह में उन्होंने कहा कि मन से अगर संकल्प ले लेंगे, तो इस अभियान द्वारा हम परिवार को मजबूत करते हुए समाज और राष्ट्र को भी मजबूत बना सकेंगे। यह संकल्प राष्ट्रनिर्माण का अभियान है। राष्ट्रपति ने इस संकल्प का शुभारंभ करते हुए हमारे परिवार को राष्ट्र निर्माण में वाहक बनने का मौका दिया है, इसके लिए हम उनके कृर्तज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि अपने लिए जीना एक कहानी है, औरों के लिए जीना जिंदगानी है। स्वामी विवेकानंद ने 19वीं सदी में भविष्यवाणी थी कि 21वीं सदी भारत का होगा और भारत विश्वगुरु बनेगा। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र की मजबूती और संपूर्ण विश्व में भारत की स्वीकार्यता जिस तरह से बढ़ी है और उनके दूरदर्शी सोच के अनुरूप देश के दो तिहाई युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। यह निश्चय ही भारत को विश्व गुरु बनाने में मददगार साबित होगा।

उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है। इसकी अपनी समृद्ध राजनीतिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत रही है। यह ज्ञान-विज्ञान की अद्भुत प्रयोगशाला भी रही है। इतिहास गवाह है कि बिहार ने हमेशा देश-दुनिया को नई राह दिखायी है। इस शताब्दी कार्यक्रम के माध्यम से पूरे देश और दुनिया में एक अभिनव संदेश जाएगा और इससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी, ऐसा मुझे विश्वास है। बिहार विधानसभा ने अपने सौ वर्षों में जनता के जीवन को सुगम, सरल और सुखमय बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विधेयक पास किये हैं, जो पूरे देश के लिए नजीर बना है। जमींदारी प्रथा उन्मूलन, शराबबंदी और पंचायती राज-स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत की हिस्सेदारी देने आदि के विधेयक यहां पारित हुए हैं। जल-जीवन-हरियाली अभियान की नींव भी यहीं पड़ी।

कार्यकारी सभापति ने जताया आभार

विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और अन्य गणमान्य अतिथियो का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति से बिहार गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सभी को कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें