महाशिवरात्रि: फल, फूल और पूजन सामग्री की कीमत में उछाल

Feb 14, 2026 08:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

महाशिवरात्रि के लिए शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री और फलों की कीमतों में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। खरीदारों की भीड़ के बीच, गेंदे, गुलाब और रजनीगंधा की मांग बढ़ी है। दुकानदारों का कहना है कि मांग में तेजी और आपूर्ति की कमी के कारण दाम चढ़े हैं।

महाशिवरात्रि: फल, फूल और पूजन सामग्री की कीमत में उछाल

महाशिवरात्रि के लिए शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पूजा-अर्चना की तैयारी के बीच फल, फूल और पूजन सामग्री की कीमत में लगभग दस प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को मीठापुर, महेन्द्रू, राजेन्द्र नगर, कंकड़बाग, अंटा घाट और बाजार समिति समेत शहर के विभिन्न इलाकों में दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। मंदिरों को सजाने और घरों में विशेष पूजन की तैयारी को लेकर लोगों ने खूब खरीदारी की। फूल मंडियों में सुबह से ही चहल-पहल रही। गेंदे, गुलाब और रजनीगंधा की मांग बढ़ने से थोक और खुदरा दोनों स्तरों पर दाम चढ़ गए। फूल विक्रेताओं का कहना है कि मांग में अचानक आई तेजी और बाहर से कम आपूर्ति होने के कारण कीमत में वृद्धि हुई है।

मीठापुर पुल के नीचे स्थित दुकान विनोद माली ने बताया कि मंदिर समितियों द्वारा विशेष सजावट के लिए बड़ी मात्रा में फूलों की खरीदारी की जा रही है। सबसे अधिक गेंदा फूल की बिक्री हो रही है। गेंदा फूल तीन सौ पांच सौ रुपये कुड़ी मिल रहा है। वहीं खुदरा माला दस से तीस रुपये तक बिके। पूजन सामग्री में बेल पत्र, धतूरा और भांग की मांग सर्वाधिक रही। बेल पत्र के दामों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जबकि धतूरा और भांग भी सामान्य दिनों की तुलना में महंगे बिक रहे हैं। पूजा की थालियों, अगरबत्ती, कपूर, और शहद के दामों में भी हल्की बढ़ोतरी रही। दुकानदारों के अनुसार महाशिवरात्रि वर्ष का प्रमुख पर्व होने के कारण हर साल इस समय मांग बढ़ती है। फलों के बाजार में भी कीमतों में उछाल रही है। सेब, बैर, अमरूद, संतरा, गाजर, शकरकंद सहित अधिकतर फलों के दाम बढ़ गए हैं। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के कारण फल और सूखे मेवों की बिक्री तेज रही। केला और नारियल की मांग भी बढ़ी हुई है। बाजार समिति के व्यापारियों ने बताया कि थोक मंडी में दाम बढ़ने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ा है। लोकल बाजार में सेब 180 से 250 रुपये प्रति किलो, अंगूर 140-150 रुपये किलो, अमरुद 80 से 100 रुपये किलो, बैर 80 से 100 रुपये किलो, शकरकंद 50 रुपये और गाजर 40 से 50 रुपये प्रति किलो मिल रहा था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।