गंगा-सोन में कल नाव के परिचालन पर रहेगी रोक
माघ पूर्णिमा पर नदियों में नावों का परिचालन रोक दिया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

माघ पूर्णिमा पर रविवार को नदियों में नाव के परिचालन पर रोक रहेगी। सरकारी कार्यों में लगे नावों को आदेश से मुक्त रखा गया है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने अधिकारियों को उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के निर्धारित मानकों के अनुसार दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, स्पेशल मोबाइल टीम व रिवर पेट्रोलिंग टीम को प्रतिनियुक्त किया गया है। नदी घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की भीड़ के प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
विभिन्न अनुमंडलों में स्थित नदी घाटों को कई सेक्टर में विभाजित कर दो-दो मोटर बोट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों सहित गोताखोरों एवं जवानों के साथ आठ एसडीआरएफ टीम को तैनात किया गया है। सभी अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्रान्तर्गत नदियों एवं तालाबों के घाटों पर लाइफ जैकेट एवं अन्य सभी संसाधनों के साथ नावों, नाविकों एवं गोताखोरों को तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे। किसी भी प्रकार की संदेहास्पद सूचना 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234 ), जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र (0612-2210118) एवं आपात नम्बर सेवा 112 पर दे सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


