लालू परिवार ने वेटनरी कॉलेज बूथ पर डाला वोट
दीघा विधानसभा क्षेत्र के वेटनरी कॉलेज बूथ पर पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद अपने परिवार के साथ वोट देने पहुंचे। तेजस्वी यादव ने बिहार में बदलाव के लिए मतदान की अपील की। राबड़ी देवी और मीसा भारती ने भी वोट डालते हुए महागठबंधन की जीत का विश्वास जताया। सभी नेताओं ने बेहतर बिहार के लिए मतदाता से निकलने का आग्रह किया।

दीघा विधानसभा क्षेत्र के वेटनरी कॉलेज बूथ पर सुबह में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद पूरे परिवार के साथ वोट देने निकले। उनके साथ पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, छोटे पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी, बहू राजश्री यादव, सांसद मीसा भारती, रोहिणी आचार्य ने भी वेटनरी कॉलेज बूथ पर मतदान किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में उपस्थित समर्थकों ने वहां नारेबाजी भी की। इस बीच कई लोग लालू परिवार के साथ सेल्फी लेने पहुंचे। पूरे परिवार के एकसाथ आने और वहां तेजप्रताप यादव के न होने के चर्चे बूथ पर काफी देर तक होते रहे। हालांकि दो घंटे बाद तेजप्रताप यादव भी मतदान करने अकेले आए।
बदलाव के लिए करें मतदान : तेजस्वी मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बदलाव की लहर है। जनता रोजगार और विकास पर वोट दे रही है। उन्होंने बदलाव के लिए मतदाताओं से मतदान की अपील की। तेजस्वी ने कहा कि बिहार को आज नई दिशा की जरूरत है और जनता इस बार चुनाव में नया संदेश देगी। सभी लोग मतदान करने पहुंचें। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में बदलाव के लिए लोग वोट कर रहे हैं। महागठबंधन की जीत तय है। सांसद मीसा भारती ने कहा कि सबलोग घरों से निकलें। अपने बच्चों के लिए मतदान करने निकलें। बेहतर बिहार बनाना है। डबल इंजन सरकार ने बीस सालों में कुछ नहीं किया। सरकार द्वारा अपनी नाकामी छिपाने के लिए महिलाओं को रिश्वत के रूप में दस हजार दिए गए। महागठबंधन ने सहायता राशि देने का वादा किया है। आरोप लगाया कि आज खुलेआम हत्या की जा रही है, यह जंगलराज है। आज डबल इंजन की सरकार में बिहार सबसे पिछड़ा राज्य है। रोहिणी आचार्य ने कहा कि असल जंगलराज मोकामा में दिख गया न। अब ये जनता को तय करना है कि अनंत सिंह वाली यह सरकार लानी है या रोजगार बांटने वाली तेजस्वी सरकार। रोहिणी ने कहा कि जंगलराज तो यह है जब ललन सिंह ने गरीबों को वोट देने से रोकने के लिए बंद रखने को बोला, जंगलराज तो यह है जब प्रधानमंत्री ने कट्टा लगाने को कहा। इन बड़े चेहरों ने भी किया मतदान : पटना में मतदान के दिन कई बड़े नेताओं ने अलग-अलग जगहों पर वोटिंग की। पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर और उनके सांसद पुत्र विवेक ठाकुर ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बिहार राज्य पुस्तकालय प्राधिकार में मतदान किया। सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद और उनके बेटे विधायक संजीव चौरसिया ने खाजपुरा स्थित नलकूप भवन के बूथ संख्या-112 पर मतदान किया। पटना वीमेंस कॉलेज के बूथ संख्या 93 पर सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मतदान किया। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने मिलर स्कूल में मतदान किया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री दानापुर से बीजेपी प्रत्याशी रामकृपाल यादव ने जीसस मेरी कॉन्वेंट स्कूल स्थित बूथ संख्या 157 पर मतदान किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ऋतुराज सिन्हा ने लोयोला हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



