पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों का करवा चौथ का व्रत चांद दिखते ही पूरा हो गया। यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब समेत देश में अधिकांश जगहों पर करवा चौथ का चांद जल्दी नजर आ गया, जबकि दिल्ली में बादल छाए रहने की वजह से चांद ने सुहागिनों के साथ लुका-छुपी का खेल खेला और बहुत देर से दर्शन दिए। बिहार की राजधानी पटना में अभिनेता और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने भी करवा चौथ का व्रत रखा।
क्यों होते हैं चंद्र दर्शन
चंद्रमा को मन का कारक माना गया है। चंद्रमा आयु, यश और समृद्धि का भी प्रतीक है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, चंद्रमा को भगवान ब्रह्मा का रूप माना जाता है और चांद को लंबी आयु का वरदान मिला हुआ है। चांद में सुंदरता, शीतलता, प्रेम, प्रसिद्धि और लंबी आयु जैसे गुण पाए जाते हैं, इसीलिए सभी महिलाएं चांद को देखकर ये कामना करती हैं कि ये सभी गुण उनके पति में आ जाएं।
100 सालों के बाद संयोग
ज्योतिषियों के अनुसार इस बार करवा चौथ के दिन 4 राजयोगों के साथ करीब आधा-दर्जन शुभ योग बन रहे हैं। आज के दिन शिव योग, अमृत योग और सर्वार्थसिद्धि योग बन रहे हैं। इतना ही नहीं आज, शंख, गजकेसरी, हंस और दीर्घायु राजयोग भी बन रहे हैं. ऐसा महा संयोग करीब 100 सालों बाद बना है।