Hindi Newsबिहार न्यूज़पटनाJDU Reaffirms Commitment to Bihar Mahagathbandhan

नीतीश कुमार बोले, महागठबंधन की सरकार ठीक से चल रही है और आगे भी चलती रहेगी 

लालू परिवार पर लगे भ्रष्टाचार के ताजा आरोपों पर जदयू ने गेंद राजद के पाले में डाल दी है। मंगलवार को पार्टी की अहम बैठक में जदयू ने राजद से कहा कि वह आरोपों का तथ्यों के साथ बिन्दुवार विवरण जनता के...

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो  Wed, 12 July 2017 12:30 AM
share Share
Follow Us on
नीतीश कुमार बोले, महागठबंधन की सरकार ठीक से चल रही है और आगे भी चलती रहेगी 

लालू परिवार पर लगे भ्रष्टाचार के ताजा आरोपों पर जदयू ने गेंद राजद के पाले में डाल दी है। मंगलवार को पार्टी की अहम बैठक में जदयू ने राजद से कहा कि वह आरोपों का तथ्यों के साथ बिन्दुवार विवरण जनता के समक्ष पेश करे। 

इस तरह जदयू ने रेलवे के होटलों के लीज मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद समेत उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव,  पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर एफआईआर और सीबीआई की छापेमारी मामले में कार्रवाई के लिए गेंद राजद के पाले में डाल दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक में कहा, जब-जब आवश्यकता पड़ी, मैंने इस्तीफा दिया है और लिया भी है। 

उन्होंने कहा, रेलमंत्री के पद से अगस्त 1999 में पश्चिम बंगाल के गैसाल में हुई रेल दुर्घटना के बाद मैंने इस्तीफा दिया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी मेरा इस्तीफा स्वीकार नहीं कर रहे थे। तब हमने उनसे मिल कर कहा कि इस्तीफा नहीं दूंगा तो यह मन पर बोझ बना रहेगा। इसके बाद वाजपेयी ने इस्तीफा स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि एक मामले में चार्जशीट होने के बाद लालकृष्ण आडवाणी और शरद यादव ने भी इस्तीफा दिया था। 

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अपनी सरकार में हमने जीतन राम मांझी, रामाधार सिंह और आरएन सिंह आदि मंत्रियों से इस्तीफा लिया था। इसी तरह राजद को भी अपने ऊपर लगे तमाम आरोपों पर जनता के समक्ष प्रमाणिक तथ्य पेश करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जदयू गठबंधन धर्म का निर्वाह अच्छे से कह रहा है। महागठबंधन की सरकार ठीक से चल रही है और आगे भी चलेगी। 

नीतीश कुमार की छवि ही जदयू की पूंजी  - 

मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में हुई पार्टी की बैठक में जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह समेत अनेक मंत्रियों, विधायकों और जदयू नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार की छवि ही जदयू की पूंजी है। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति से समझौता नहीं किया जा सकता है। बैठक शुरू होने से पहले मंगलवार की सुबह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने दो टूक कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी छवि से समझौता नहीं कर सकते हैं। उसी समय इस मामले में जदयू के स्टैंड का अंदाजा लग गया था। 

जदयू महागठबंधन धर्म का कर रहा पालन - 

बैठक करीब चार घंटे तक चली जदयू की बैठक के बाद पार्टी प्रवक्ताओं ने प्रेस कान्फ्रेंस में बिना किसी का नाम लिए कहा कि जिन पर भी आरोप लगे हैं, उन्हें जनता-मीडिया के सामने पूरे तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि जदयू महागठबंधन धर्म का पालन करना जानता है। अंतिम दम तक पालन करेगा, क्योंकि यह जनता का आदेश है। लेकिन जिन पर आरोप लगे है, उनका दायित्व है कि वे जनता की अदालत में बात रखें। जनता की भी यह अपेक्षा है। जदयू की यह परपंरा और सिद्धांत है। हमने कई मामलों में देश के सामने मिसाल पेश की है। हमने कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं किया है। हमारी पार्टी की सरकार 2005 में बनी। अपने दल के लोगों पर भी हमारी सरकार ने कार्रवाई की है। प्रेस कान्फ्रेंस में अजय आलोक, राजीव रंजन प्रसाद, निखिल मंडल, भारती मेहता, अरविंद निषाद आदि उपस्थित थे। 

तेजस्वी का काम सराहनीय रहा है: राजद - 

उधर, राजद ने फिर दोहराया कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव इस्तीफा नहीं देंगे। जदयू की बैठक के बाद राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा, तेजस्वी के इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं उठता है। हम जनता के बीच ही रहते हैं और मामले को जनता के बीच ही ले जाएंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि बतौर उप मुख्यमंत्री और मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव का कामकाज सराहनीय रहा है। उनके कार्यकाल में कोई भी गड़बड़ी सामने नहीं आयी है, इसलिए इस्तीफा का सवाल कहां उठता है। 

राहुल गांधी ने नीतीश कुमार से बात की - 

बिहार में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मंगलवार शाम कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच विपक्षी एकता सहित सभी मुद्दों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि राहुल गांधी और नीतीश कुमार ने मौजूदा हालात पर भी एक दूसरे के रुख को समझा है। दरअसल, जब मुख्यमंत्री बीमार थे तब राहुल गांधी ने उनका स्वास्थ्य जानने के लिए उन्हें फोन किया था, लेकिन उस समय बात नही हो पाई थी, इसलिए मंगलवार को राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात की। 

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें