ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाSuspense: केंद्रीय मंत्रिमंडल में JDU के शामिल होने पर स्थिति साफ नहीं

Suspense: केंद्रीय मंत्रिमंडल में JDU के शामिल होने पर स्थिति साफ नहीं

केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू के शामिल होने की अटकलें शुक्रवार शाम तक मीडिया में लगाई जाती रहीं। लेकिन वास्तव में जदयू केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होगा या नहीं इसको लेकर शनिवार की शाम तक स्थित साफ...

Suspense: केंद्रीय मंत्रिमंडल में JDU के शामिल होने पर स्थिति साफ नहीं
हिन्दुस्तान ब्यूरो,पटनाSat, 02 Sep 2017 08:27 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू के शामिल होने की अटकलें शुक्रवार शाम तक मीडिया में लगाई जाती रहीं। लेकिन वास्तव में जदयू केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होगा या नहीं इसको लेकर शनिवार की शाम तक स्थित साफ नहीं थी। जदयू के भरोसेमंद सूत्र ने बताया कि जदयू की तरफ से न तो कोई अपेक्षा जताई गई और न भाजपा की तरफ से ऐसा कोई ऑफर आया। 

इतना ही नहीं, जदयू और भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान भी नहीं दिया। लेकिन दोनों दलों के कई नेता यह संकेत देते रहे थे, जिस कारण अटकलों को बल मिला। 

मुझे मीडिया से मिली जानकारी : नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को इन अटकलों पर यह कह कर विराम लगा दिया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू के शामिल होने की खबर मुझे मीडिया से ही मिली। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने का ऑफर आता है तो देखा जाएगा। 

सुशील मोदी बोले, यह केन्द्रीय नेतृत्व का मामला 

उधर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार का फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का मामला है। इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। 

अटकलें लगायी जाती रहीं : गुरुवार रात आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को मजबूती मिली। शुक्रवार को साफ हो गया कि बड़ा फेरबदल होगा। अटकलों में यह भी शामिल रहा कि एनडीए के सहयोगी कौन-कौन से दल शामिल होंगे, जिनमें तेलुगुदेशम, शिवसेना और जदयू प्रमुख हैं। जदयू से दो मंत्री बनाये जाने की चर्चा रही, जिनमें एक कैबिनेट तो दूसरा राज्य मंत्री होगा। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार रात तक यह तय नहीं हो पाया था कि जदयू केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होगा या नहीं। रविवार को नये मंत्रियों को शपथ लेनी है।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें