किशोर कुणाल ने कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की : संजय झा
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और अन्य नेताओं ने आचार्य किशोर कुणाल के निधन पर दुख व्यक्त किया। कुणाल एक ईमानदार पुलिस अधिकारी थे, जिन्होंने सामाजिक और धार्मिक कार्यों के लिए अपना जीवन...

जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने आचार्य किशोर कुणाल के निधन पर दुख जताया है। संजय झा ने कहा है कि भारतीय पुलिस सेवा में एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाने के बाद किशोर कुणाल ने 2001 में सेवानिवृत्ति ले ली। उन्होंने सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों को अपने जीवन का ध्येय बना लिया। सामाजिक कुरीतियों तथा भेदभाव के खिलाफ उन्होंने आजीवन आवाज बुलंद की। जदयू के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री ललन सिंह ने कहा कि किशोर कुणाल के निधन से पूरे बिहार को सदमा लगा है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि किशोर कुणाल जीवनपर्यंत सामाजिक और धार्मिक कार्यों से जुड़े रहे। शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि आचार्य कुणाल का जीवन समाज, धर्म और चिकित्सा के क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान से भरा है। किशोर कुणाल के निधन पर शोक जताने वाले जदयू नेताओं में मुख्य रूप से छोटू सिंह, ओम प्रकाश सिंह सेतु, डॉ. मधुरेन्दु पांडेय, निहोरा प्रसाद यादव, अरविंद निषाद, हिमराज राम, अंजुम आरा, नवल शर्मा, अभिषेक झा, परिमल कुमार और मनीष यादव शामिल हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।