ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाबिहार की मछलियों के चोइंटा से जापान बना रहा दवाएं, ब्यूटी प्रोडक्ट और बियर

बिहार की मछलियों के चोइंटा से जापान बना रहा दवाएं, ब्यूटी प्रोडक्ट और बियर

बिहार में उत्पादित मछलियों से निकले चोइंटा से जापान महंगी दवाइयां, ब्यूटी प्रोडक्ट और बियर बना रहा है। पिछले डेढ़ महीने में दो टन मछली का चोइंटा जापान भेजा जा चुका है। इससे सफाई भी हो रही है और आमदनी...

बिहार की मछलियों के चोइंटा से जापान बना रहा दवाएं, ब्यूटी प्रोडक्ट और बियर
पटना | सविताThu, 16 May 2019 04:33 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार में उत्पादित मछलियों से निकले चोइंटा से जापान महंगी दवाइयां, ब्यूटी प्रोडक्ट और बियर बना रहा है। पिछले डेढ़ महीने में दो टन मछली का चोइंटा जापान भेजा जा चुका है। इससे सफाई भी हो रही है और आमदनी भी। 

जापान की निजोना कॉरपोरेशन कंपनी पटना सिटी की बाजार समिति की मछली मंडी में फेंके हुए चोइंटा खरीद रही है। इसके लिए कंपनी और मत्स्य सहकारी समिति (कॉफ्फेड) के बीच एमओयू हुआ है। अभी चोइंटा इकट्ठा कर बेचने का काम मालसलामी की 45 वर्षीया सुशीला देवी कर रही हैं। वह बाजार समिति से चोइंटा उठाकर लाती हैं। दो बार धोने के बाद चोइंटा को सुखाती हैं। उसके बाद कंपनी की मदद से उसे जापान भेजा जाता है। 

सुशीला देवी बताती हैं कि आज से चार महीने पहले बेरोजगार थी। पति राजमिस्त्री का काम करते थे। छह बच्चों की परवरिश भारी पड़ रही थी। मैं काम करना चाहती थी। लेकिन इतना कमा नहीं पाती थी कि बच्चों को अच्छे स्कूल में नाम लिखवा सकूं। इसी दरम्यान मत्स्यपालकों पर काम करने वाली संस्था कॉफ्फेड से मिली, जिसके बाद मेरी जिंदगी ही बदल गई है। मछली का चोइंटा बेचकर दो महीने में डेढ़ लाख रुपये की कमाई हो गई।

18 तरह के प्रोटीन 
मछली के चोइंटा में 18 प्रकार के प्रोटीन होते हैं। इसीलिए इसकी मदद से प्रोटीन बनाया जाता है। इसका प्रयोग दवाएं, ब्यूटी प्रोडक्ट और बियर में किया जा रहा है।

रोहू-कतला के चोइंटा में अधिक प्रोटीन
समुद्री मछली के बाद बिहार में उत्पादित रोहू और कतला मछली के चोइंटा में प्रोटीन सबसे अधिक पाया जाता है। यही कारण है कि जापान की कंपनी बिहार में उत्पादित मछली के चोइंटा को खरीदने में ज्यादा रुचि ले रही है। निजोना कॉरपोरेशन के बिजनेस डेवलपमेंट हेड मयूर ने बताया कि बिहार से ट्रेन के माध्यम से मछली का चोइंटा कोलकाता आता है और कोलकाता में कंटेनर के माध्यम से जापान भेजा जाता है। अभी दो टन मछली का चोइंटा खरीदा जा चुका है। आने वाले समय में पूरे बिहार से मछली का चोइंटा खरीदा जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें