
तेजराज को रसायन शास्त्र क्षेत्र में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार
भारतीय रसायनज्ञ परिषद ने रसायन शास्त्र में श्रेष्ठ योगदान के लिए वार्षिक राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा की है। प्रो. तेजराज अमीनाभावी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार वितरण 22 दिसंबर को हुबली में आयोजित 44वें वार्षिक सम्मेलन में होगा। अन्य सात वैज्ञानिकों को भी विभिन्न पुरस्कारों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय रसायनज्ञ परिषद के अध्यक्ष पूर्व कुलपति प्रो. रणजीत वर्मा ने गुरुवार को रसायन शास्त्र के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए वार्षिक राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा की। धारवाड़ (कर्नाटक) के प्रो. तेजराज अमीनाभावी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया है। ड्रग डिलीवरी में उपयोगी नैनो पदार्थों की खोज के लिए उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। प्रो. वर्मा ने बताया कि 77 हजार से ज्यादा शोध लेखों में संदर्भित और 137 एच-इंडेक्स से वैज्ञानिकों की श्रेणी में विश्व में अपनी साख बनाने वाले डॉ. अमीनाभावी ने पॉलीमर के बहुआयामी उपयोगों पर शोध प्रकाशित किया है। कर्नाटक के हुबली में 22 दिसंबर को आयोजित रसायन शास्त्र के 44वें वार्षिक सम्मेलन में उन्हें पुरस्कार दिया जाएगा।

उनके अतिरिक्त सात अन्य वैज्ञानिक भी पुरस्कृत किए जाएंगे। इनमें कर्नाटक केंद्रीय विवि, कलबुर्गी के डॉ. शेशनाथ विश्वनाथ भोसले (वहिदुल मल्लिक पुरस्कार), आईआईटी बीएचयू के प्रो. योगेश चंद्र शर्मा (एसपी हीरामठ पुरस्कार 2025), हैदराबाद के डॉ. निलंजन डे (डॉ. अरविन्द कुमार पुरस्कार-2025), जामिया मिलिया दिल्ली की डॉ. सायका इकराम (सोमखेखर रॉव पुरस्कार), मुम्बई के यूएम परमाणु केन्द्र के डॉ. राजीव कुमार वत्स (नन्दीबेवूर पुरस्कार), सीमैप लखनऊ के डॉ अरविन्द सिंह नेगी (एसएमएल गुप्त पुरस्कार) और बल्लभ विद्यानगर गुजरात के प्राज्ञेश दवे (पीएन शर्मा पुरस्कार) भी सम्मानित होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


