
डीएम की फटकार के बाद दीघा में सड़क से हटा अतिक्रमण
दीघा में संत माइकल स्कूल के पास मुख्य सड़क पर अवैध गिट्टी-बालू रखने से 15 दिनों तक जाम की स्थिति बनी रही। हिन्दुस्तान अखबार में खबर छपने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। अब लोगों को राहत मिली है और भविष्य में फिर से ऐसा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दीघा स्थित संत माइकल स्कूल के पास अवैध तरीके से मुख्य सड़क के किनारे गिट्टी-बालू रखने से हर रोज जाम की स्थिति हो रही थी। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान में शुक्रवार के अंक में दीघा: सड़क पर गिट्टी बालू रखने से रोज लग रहा है जाम, शीर्षक से खबर छपने के बाद जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद नगर निगम और नगर व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को हटवाया। स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर ही गिट्टी और बालू रख दिया था। इसके कारण पिछले 15 दिनों से लगभग एक किलोमीटर एरिया में जाम की स्थिति हो रही थी।
निर्माण सामग्री हटाने को लेकर कई बार संबंधित लोगों और स्थानीय लोगों में झड़प भी हो गई थी। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम और नगर व्यवस्था की टीम भी अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई पहल नहीं कर रही थी। हिन्दुस्तान अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शनिवार को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। मौके पर जिला प्रशासन, नगर निगम और दीघा थाने की पुलिस पहुंची और जिनकी सामग्री रखी हुई थी, उन पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी। पुलिस वालों ने संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने को कहा है। इधर, अतिक्रमण हटने के बाद इस इलाके के लोगों को काफी राहत मिली है। मुख्य सड़क के किनारे पथ निर्माण विभाग और यातायात पुलिस की ओर से कई जगहों पर पार्किंग स्थल बनाया गया है। इस पर स्थानीय लोगों की ओर से बार-बार अतिक्रमण कर लिए जाने के कारण ऐसी समस्या हो रही है। दीघा थाने की पुलिस का कहना है कि अब यदि मुख्य सड़क पर गिट्टी और बालू गिराया जाता है तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




