जेम पोर्टल पर बाजार दर से अधिक पर सामग्री खरीद नहीं हो : विजय सिन्हा
नगर विकास एवं आवास विभाग ने GEM पोर्टल पर विभिन्न नगर निकायों की खरीद में अनियमितताओं की शिकायतों पर गंभीरता से कार्य किया। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने निर्देश दिया कि नगर प्रशासक GEM पोर्टल और बाजार दर की समीक्षा करें। खगड़िया नगर परिषद में बाजार मूल्य से अधिक खरीद को स्थगित किया गया है।

नगर विकास एवं आवास विभाग ने गवर्नमेंट एंड मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल के माध्यम से विभिन्न नगर निकायों की ओर से की जा रही सामग्री एवं सेवाओं की खरीद में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। विभागीय समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने पाया कि कई नगर निकायों में जेम से हुई खरीद के मामलों में निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण अनुपालन नहीं किया जा रहा है। इसको देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया है कि नगर प्रशासक जेम पोर्टल और बाजार दर की समीक्षा करें। यह सुनिश्चित कर ही खरीद की अनुमति दें कि खरीद दर बाजार दर से अधिक न हो।
उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग ने पोर्टल पर खरीद से संबंधित शिकायतों की सुनवाई को लेकर चार सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की है। कमेटी के अध्यक्ष बुडको एमडी होंगे, जबकि अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा, अभियंता प्रमुख और अभियंता प्रमुख के प्रावैधिकी सचिव इसके सदस्य होंगे। यह कमेटी जांच के बाद आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करेगी। खगड़िया में हुई खरीद को किया गया स्थगित : बैठक में कई नगर निकायों की ओर से जेम पोर्टल से की गयी खरीद में गड़बड़ी की शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया गया। पाया गया कि पोर्टल के माध्यम से सामग्री खरीद के लिए एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम पर कंपनियां पंजीकृत कर निविदा प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। खगड़िया नगर परिषद के ऐसे मामले में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बाजार मूल्य से अधिक दर पर हुई खरीद प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि उक्त क्रयादेश के विरुद्ध किसी प्रकार की आपूर्ति नहीं ली जाये और ना ही भुगतान किया जाये। नगर परिषद खगड़िया ने इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जेम पोर्टल से निर्धारित बाजार मूल्य से अधिक में क्रय की गई सामग्रियों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। सिन्हा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा विकसित जेम पोर्टल सरकारी खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रतिस्पर्धात्मक तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से लागू किया गया है। पोर्टल पर उपलब्ध वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद निर्धारित वित्तीय नियमों, प्रचलित दिशानिर्देशों तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही की जायेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



