चौक-चौराहे पर खुलेगी मछली दुकान, जीविका दीदियां चलाएंगी सुधा बूथ
बिहार में चौक-चौराहों पर ताजा मछली की दुकानें खोली जाएंगी, जिससे लोग सीधे मछली खरीद सकेंगे। जीविका दीदियों को संचालन का मौका मिलेगा। मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि मछली और दूध का उत्पादन आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, और निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा।

राज्य में चौक-चौराहों पर मछली की दुकान खुलेगी। लोग यहां से ताजी मछली खरीद सकेंगे। जीविका दीदियों को सुधा बूथ का संचालन दिया जाएगा। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता ने शुक्रवार को सूचना भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मछली-दूध उत्पादन में राज्य आत्मनिर्भर बना है। अब निर्यात बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मछली की दुकानें मछुआरों को आवंटित की जाएंगी। इस माह के अंत तक पटना सहित कई नगर निगमों में सुधा बिक्री केंद्रों की तर्ज पर फ्रेश कैच फिश आउटलेट खोला जाएगा, जिसमें जिंदा एवं ताजी मछलियां बिकेंगी। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में मछलियों की मांग है।
यहां उत्पादित मछलियां 1500 से 1600 रुपये किलो तक बिक रही है। उन्होंने कहा कि दूध और दूध से बने उत्पादों का भी विदेशों में निर्यात शुरू किया गया है। इससे राज्य के किसानों का लाभ मिलेगा। दूध की कीमत बढ़ाने में मदद मिलेगी।विभागीय सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि मत्स्य के क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार में फिशरीज कॉरपोरेशन और गोट फेडरेशन की स्थापना करने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है। अच्छी गुणवत्ता का मांस लोगों को मिले इसके लिए भी फेडरेशन के माध्यम से कियोस्क सिस्टम लागू किया जा रहा है। सचिव ने कहा कि हर गांव में सुधा बिक्री केंद्रों की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जीविका दीदियों से आवेदन आमंत्रित किया जा रहा है। उनका चयन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। अन्य लोग भी आवेदन कर सकते हैं। सचिव ने कहा कि पूर्णिया में उन्नत नस्ल के सीमेन का उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत उन्नत नस्ल की गाय तैयार होगी। अगले साल तक 15 से 20 लाख तक सेक्स शार्टेड सीमेन का उत्पादन शुरू हो जाएगा। मौके पर कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


