नरपतगंज के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समेत चार निलंबित
अररिया के नरपतगंज में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने चार कर्मियों को निलंबित किया है। यह कार्रवाई तब हुई जब डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्र लालचंद हांसदा की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लिया है।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने अररिया के नरपतगंज के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कलश कुमार समेत चार कर्मियों को निलंबित कर दिया है। फारबिसगंज के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय की कक्षा 11वीं के छात्र लालचंद हांसदा की विद्यालय परिसर से बाहर खेल गतिविधि के दौरान तालाब में डूबने से हुई मृत्यु की घटना के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस घटना को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर यह पाया गया कि विद्यालय और छात्रावास स्तर पर छात्र की गतिविधियों के समुचित निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही हुई।
इस पर तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की गई और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (नरपतगंज), सह-छात्रावास प्रबंधक कलश कुमार, छात्रावास अधीक्षक शिव कुमार मंडल, शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार साहू को निलंबित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं की जाएगी। विभाग के अनुसार, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। विभाग ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



