निर्धारित अवधि से पहले पूरा करें कटावरोधी योजनाएं: मंत्री
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बाढ़ अवधि शुरू होने से पहले सभी तटबंधों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता पर ध्यान देते हुए समय पर कार्य पूरा करने का आदेश दिया। पिछले वर्ष के अनुभवों से सीखकर योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा।

जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बाढ़ अवधि शुरू होने के पहले सभी तटबंधों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। वे मंगलवार को वरीय अधिकारियों के साथ बाढ़ नियंत्रण एवं कटावरोधी कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक कर रहे थे। मंत्री कहा कि बाढ़ नियंत्रण से जुड़े निविदा निष्पादन सहित अन्य कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए तय समय से पहले पूरा किया जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा सके और अतिरिक्त समय का उपयोग स्थल निरीक्षण के लिए किया जा सके। मंत्री ने मुख्य अभियंताओं को कार्य के दौरान समय-समय पर स्थल पर स्वयं जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि उपयोग में आने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। साथ ही योजनाओं की प्रशासनिक प्रक्रियाओं, जांच-पड़ताल और स्वीकृतियों में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। सभी कार्य पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा करें, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर कार्यों का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे। श्री चौधरी ने यह भी कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि समस्या आती है, तो उसे मुख्यालय स्तर पर तुरंत रिपोर्ट करें, ताकि समस्या का शीघ्र निष्पादन किया जा सके। वहीं, कार्य पूर्ण होने के बाद 2-3 चरणों में निरीक्षण मुख्यालय स्तर से किया जाए, जिससे संरचनाओं की मजबूती और टिकाऊपन सुनिश्चित हो सके। प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने कहा कि पिछले वर्ष की बाढ़ अवधि से विभाग ने महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए हैं। उन अनुभवों से सीख लेकर आगामी योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य तय कार्ययोजना और वर्क कैलेंडर के अनुसार शीघ्रता से पूरा करें। बैठक में अभियंता प्रमुख वरुण कुमार, ब्रजेश मोहन, अवधेश कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बाढ़ प्रक्षेत्र के मुख्य अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


