नकली फैक्ट्री का भंड़ाफोड़, स्प्रिट में केमिकल मिलाकर बनाई जा रही थी शराब
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने रामकृष्णा नगर के खेमनीचक में नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। 53 लीटर स्प्रिट, 4 लीटर रसायन, शराब बनाने की मशीन और 1550 खाली बोतलें बरामद की गईं। हालाँकि, शराब बनाने वाले फरार हो गए। विभाग तस्करों की तलाश में जुटा है और लोगों से शराब न पीने की अपील की है।

उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने रविवार को रामकृष्णा नगर के खेमनीचक इलाके से नकली शराब की फैक्ट्री का भंड़ाफोड़ किया। वहां से शराब बनाने के लिए रखी गई 53 लीटर स्प्रिट, चार लीटर रसायन, शराब बनाने की मशीन, 1550 खाली बोतल, हाइड्रोमीटर और नकली क्यूआर कोड इत्यादि बरामद किए गए हैं। हालांकि, शराब धंधेबाज नहीं दबोचे जा सके। विभाग गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश में जुट गया है।
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को रामकृष्णा नगर के खेमनीचक इलाके में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री की सूचना मिल रही थी। जिसके बाद विभाग के कर्मियों को रेकी करने के लिए इलाके में भेजा गया। मामला सही पाए जाने पर इंस्पेक्टर अजीत कुमार की टीम ने रविवार को खेमनीचक की जगदंबा कॉलोनी स्थित फैक्ट्री में छापेमारी की। वहां से शराब बनाने की एक मशीन के अलावा शराब बनाने के लिए रखा गया 53 लीटर स्प्रिट, चार लीटर रसायन, 1550 खाली बोतल, 25 सौ ढक्कन, महंगे ब्रांड की शराब के एक हजार स्टिकर, दो हजार नकली क्यूआर कोड और 59 लीटर तैयार शराब बरामद की गई। हालांकि, नकली शराब बनाने वाले बदमाश फरार होने में सफल रहे।
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के सहायक उत्पाद आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि स्प्रिट में रसायन मिलकर महंगे ब्रांड की नकली शराब बनाई जा रही थी। तस्करों ने शराब की मात्रा नापने के लिए हाड्रोमीटर भी रखा हुआ था। ताकि नकली शराब असली की तरह लगे और नशा दे। यही नहीं बोतल असली लगे इसके लिए उनपर नकली क्यूआर कोड भी चिपकाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि विभाग लगातार शराब बनाने और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इस तरह की नकली शराब पीने से लोगों की जान जाने का भी खतरा रहता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि राज्य में शराबबंदी है। लिहाजा नए वर्ष पर शराब का सेवन नहीं करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




