अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेगी विशेषज्ञों की टीम
प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के लिए 25 विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है। ये टीमें 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अस्पतालों का निरीक्षण करेंगी। यह प्रक्रिया 'कायाकल्प कार्यक्रम' के तहत शुरू की गई है, जिसमें विभिन्न मानकों का पालन किया जाएगा।

प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए विशेषज्ञों की टीम बनायी गई है। यह टीम उन अस्पतालों में जाकर निरीक्षण करेगी, जिन्हें प्रारंभिक मूल्यांकन में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। राज्य स्वास्थ्य समिति ने कहा है कि सेवाओं के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए ‘कायाकल्प कार्यक्रम’ के तहत राज्य स्तरीय बाहरी मूल्यांकन की यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए कुल 25 विशेषज्ञ टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में राज्य स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारियों के अतिरिक्त विभिन्न सहयोगी संस्थाओं जैसे यूनिसेफ, पिरामल, जपाइगो और एम्स पटना के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
ये दल राज्य के विभिन्न जिलों जैसे अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भागलपुर और मुजफ्फरपुर के अस्पतालों का शीघ्र दौरा करेंगे। मूल्यांकन के लिए कड़े मानक निर्धारित किए गए हैं, जिनमें स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और रोगी देखभाल जैसे विभिन्न विषयगत क्षेत्रों का सूक्ष्म अवलोकन शामिल है। सभी दलों को निर्देश दिया गया है कि अपने आवंटित जिलों का भ्रमण फरवरी और मार्च में पूरा करें। निरीक्षण कार्य पूरा होने के तीन दिनों के अंदर समिति के पास रिपोर्ट भेजना अनिवार्य होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


