राज्य के 1270 अस्पतालों में प्रसव पूर्व जांच होगी

राज्य के 1270 अस्पतालों में प्रसव पूर्व जांच होगी

संक्षेप:

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य में अब 1270 स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रसव पूर्व जांच की सुविधा मिलेगी। पहले 702 संस्थानों पर यह अभियान चल रहा था, अब 568 नए केंद्र जोड़े गए हैं। गर्भवती महिलाओं को मुफ्त में गुणवत्ता पूर्ण जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Dec 11, 2025 06:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि राज्य में अब कुल 1270 स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रसव पूर्व जांच की सुविधा मिलेगी। अभी तक राज्य में 702 स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा था। इसके तहत गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच की जा रही है। अब नए 568 स्वास्थ्य केंद्रों (564 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं 4 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों) पर इसकी शुरुआत की गई है। उन्होंने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्य में हर मां और बच्चे की बेहतर स्वास्थ्य की सुरक्षा हमारी प्रतिबद्धता है। प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व सेवाएं मुहैया कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अभियान के तहत महीने में निर्धारित तीन दिन (हर महीने की नौ, 15 और 21 तारीख) गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच की जा रही है। मंत्री ने कहा है कि जिले से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक इस अभियान में बड़ी संख्या में गर्भवती महिला हिस्सा लेकर निःशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ ले रही हैं। महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की जा रही है, जिसमें हीमोग्लोबिन, एचआईवी, यौन संक्रमण, उच्च रक्तचाप, यूरिन का परीक्षण शामिल है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान कर आशा कार्यकर्ता नियमित फॉलोअप कर उन्हें ससमय उपचार कर रही हैं।