Hindi NewsBihar NewsPatna NewsEmpowering Women Bihar Introduces Pink Bus Drivers and Conductors Training
जीविका दीदियां अब पिंक बसें चलाएंगी

जीविका दीदियां अब पिंक बसें चलाएंगी

संक्षेप:

बिहार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने जीविका दीदियों को पिंक बसों में ड्राइवर और कंडक्टर बनाने की घोषणा की है। इसके लिए प्रशिक्षण पटना या औरंगाबाद में दिया जाएगा। इच्छुक महिलाएं 15 दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। इस पहल से महिला सशक्तीकरण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

Nov 26, 2025 07:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि अब जीविका दीदियों को प्रशिक्षित कर पिंक बसों में ड्राइवर और कंडक्टर बनाया जाएगा। इससे से न सिर्फ महिला सशक्तीकरण का एक नया अध्याय शुरू होगा, बल्कि जीविका दीदियों के लिए रोजगार के नए दरवाजे भी खुलेंगे। मंत्री ने कहा कि इच्छुक जीविका दीदियों को पहले पटना या औरंगाबाद में स्थित हैवी मोटर व्हीकल का प्रशिक्षण इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर) में दिया जाएगा। इसके बाद प्रशिक्षित जीविका दीदियां बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा संचालित पिंक बसों में ड्राइविंग सीट संभालेंगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इच्छुक जीविका दीदियां या अन्य महिलाएं 15 दिसंबर तक आवेदन दे सकती हैं। इन पिंक बसों में वाहन चालक बनने के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास है। नियोजन के दौरान नौवीं या दसवीं पास अभियार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद एचएमवी लाइसेंसधारकों को रिक्ति के विरुद्ध संविदा पर नियोजित किया जाएगा। वर्तमान में राज्य में 100 पिंक बसें चल रही हैं। इन बसों के लिए 200 महिलाओं को प्रशिक्षित कर ड्राइवर और कंडक्टर बनाया जाएगा। इन बसों में कंडक्टर बनने के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है। मंत्री ने कहा कि सभी लंबित योजनाओं में तेजी लाएं व ससमय कार्य पूरा करें। इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में आवश्यक कार्य करने का निर्देश दिया। सड़क दुर्घटना मामले में पीड़ित/ पीड़ित के परिजनों को ससमय मुवाजा राशि का भुगतान करने को कहा। सड़क सुरक्षा जागरूकता हेतु हेल्मेट, सीट बेल्ट विशेष जांच अभियान चलाने को कहा। बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर सचिव प्रवीण कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, संयुक्त सचिव कृत्यानंद रंजन, विशेष कार्य पदाधिकारी, कुमारी अर्चना एवं अरुणा कुमारी आदि मौजूद रहे।