ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाडॉक्टर की सलाह: फ्रिज में कई दिनों तक रखा बासी खाना कतई न खाएं

डॉक्टर की सलाह: फ्रिज में कई दिनों तक रखा बासी खाना कतई न खाएं

जाड़े के मौसम में लोग अक्सर फ्रिज में कई दिनों तक खाने-पीने की चीजें रख देते हैं और यह मान लेते हैं कि फ्रिज में रखा खाद्य पदार्थ ताजा ही रहेगा। मगर ऐसा नहीं है। कई दिनों तक खाना रखे होने से वह बासी...

डॉक्टर की सलाह: फ्रिज में कई दिनों तक रखा बासी खाना कतई न खाएं
पटना | वरीय संवाददाताMon, 17 Dec 2018 12:03 AM
ऐप पर पढ़ें

जाड़े के मौसम में लोग अक्सर फ्रिज में कई दिनों तक खाने-पीने की चीजें रख देते हैं और यह मान लेते हैं कि फ्रिज में रखा खाद्य पदार्थ ताजा ही रहेगा। मगर ऐसा नहीं है। कई दिनों तक खाना रखे होने से वह बासी हो जाता है तथा उसके पोषक तत्व नष्ट हो जाते  हैं। 

यही नहीं, कई तरह के बैक्टीरिया पनप जाते हैं, जिससे पेट और सीने में संक्रमण हो सकता है। इसके अलावा हृदयरोगियों, अस्थमा के पीड़ित लोगों और बच्चों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। इस मौसम में गुनगुना पानी, हरी साग-सब्जियां और ताजे फलों का इस्तेमाल सेहत के लिए अच्छा होता हैं। जाड़े के मौसम में बच्चों को फास्ट फूड नहीं देना चाहिए। 

यह सलाह रविवार को आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के कार्यालय में ‘डॉक्टर की सलाह’ कार्यक्रम में आए पीएमसीएच के मेडिसिन विभाग के डॉ. बिरेंद्र प्रसाद सिन्हा ने दी। ‘हिन्दुस्तान कार्यालय’ में फोन पर राज्यभर के लोगों ने उनसे सवाल पूछे। उन्होंने जरूरी सलाह दी तथा जिज्ञासाएं शांत की। 

सवाल: गले में परेशानी है। खाने में दिक्कत होती है। ( मोहित कुमार, मुजफ्फरपुर )

जवाब: गुनगुना पानी पीएं। ज्यादा दिक्कत है तो डॉक्टर की सलाह पर दवा लें।

सवाल: पीठ और कमर में दर्द रहता है। जाड़े में समस्या बढ़ गई है। ( सुनील कुमार, मधुबनी)
जवाब: झुक कर न बैठें। कुर्सी पर काम करते हैं तो सीधा बैठें। ज्यादा दर्द हो तो आरसीके जेल लगाएं। 

सवाल: बचपन से ही अस्थमा है। इस समय परेशानी बढ़ गई है। (जोसेफ, बेतिया)
जवाब: जाड़े में यह समस्या बढ़ जाती है। नियमित दवा लेते रहें। 

सवाल: थैलीसीमिया से पीड़ित हूं। अभी ज्यादा दिक्कत है। (राजा सिन्हा, किशनगंज)
जवाब: यह ध्यान रहे की हीमोग्लोबिन कम न हो। आयरन की गोली ज्यादा न खाएं। डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें।

सवाल: रीढ़ की हड्डी में नस दब गई है। डॉक्टरों ने सर्जरी कराने की सलाह दी है। (शिवनारायण, गया)
जबाव:  अब तो पीठ में छोटा छिद्र करके भी सर्जरी होती है। संभव हो तो दिल्ली एम्स में एक बार चेकअप अवश्य करा लें। 

सवाल: पेट में जलन रहती है। बार-बार पेशाब आता है। (रामनारायण, मोकामा)
जवाब: एक बार प्रोस्टेट की जांच करा लें। ऐसे केस में प्रोस्टेट बढ़ने की आशंका रहती है। 

सवाल:  शरीर से पसीना बहुत आता है। पैर से भी पसीना अधिक आने लगा है। (विक्रम आनंद, बुद्ध मार्ग पटना)
जवाब: कोई बीमारी नहीं है। तनाव के कारण पसीना अधिक आता है। योग करें। एक बार थायरॉयड की भी जांच करा लें। 

सवाल: पेट में दर्द है। जांच कराया तो अपेंडिक्स बढ़ा हुआ बताया गया है। (शिवकुमार, वैशाली)
जवाब: अपेंडिक्स बढ़ा है तो सर्जरी करा लें। कभी-कभी फटने का भी डर रहता है। 

सवाल: कफ में खून आ रहा है, क्या करें (आलोक कुमार, अरवल)
जवाब: कफ की एक बार जांच करानी होगी। कई बीमारियों ने कफ में खून आने की शिकायत रहती है। पीएमसीएच या अन्य मेडिकल कॉलेज में जांच करा लें। 

सवाल: कान में अक्सर दर्द रहता है। (राजेंद्र ठाकुर, दरभंगा)
जवाब:  किसी ईएनटी विशेषज्ञ से जांच करा लें। 

सवाल: मौसम बदलने पर सर्दी-खांसी से पीड़ित हो जाता हूं। (आदर्श कुमार, बिहटा)
जबाव: चेस्ट की जांच करानी होगी। कभी-कभी एलर्जी से भी ऐसा होता है। 

सवाल: घुटने में अक्सर दर्द रहता है, 67 साल उम्र है। (हीरालाल प्रजापति, भागलपुर)
जवाब: पैर का अभ्यास करें। कमोड पर शौच करें। सीढ़ियां बार-बार न चढ़ें। दर्द की गोलियों का ज्यादा इस्तेमाल न करें। 

सवाल: मुंह में लार नहीं बनता है। (गुप्तेश्वर पांडेय, कैमूर)
जवाब: यह कोई बीमारी नहीं है। अधिक पानी पीएं। ठीक हो जाएगा। 

इस मौसम में क्या करें 
जाड़े में गुनगुने पानी से स्नान करें, घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़़े पहनें 
कटे फल व सब्जियां न खाएं, ब्लड प्रेशर व मधुमेह के मरीज नियमित जांच कराएं
गर्भवती महिलाएं दूध का सेवन जरूर करें, पहले से भोजन की मात्रा अवश्य बढ़ा दें 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें