विद्यालय निरीक्षण का नोटकैम से फोटो भेजेंगे पदाधिकारी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) ने विद्यालयों के निरीक्षण के लिए सभी निरीक्षी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षकों को विद्यालयों की जानकारी, खेल सामग्री का उपयोग, और स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण करना होगा। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का विशेष निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें 23 बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा।

इस सत्र में विद्यालय के निरीक्षण के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) ने सभी निरीक्षी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिले के विभिन्न प्रखंडों में अपने क्षेत्र अंतर्गत विद्यालयों के भ्रमण के बाद पदाधिकारियों को नोटकैम से फोटो भी देना होगा। इसपर विद्यालय के निरीक्षण की तिथि, विद्यालय का नाम, समय समेत कई जानकारियां दर्ज होंगी। निरीक्षण के लिए जारी प्रपत्र (फॉर्मेट) में जितनी जानकारी मांगी गई है, उन सभी को दर्ज कर निरीक्षण के अगले ही दिन जिला शिक्षा कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। डीपीओ कृतिका वर्मा ने निरीक्षी पदाधिकारियों को निर्देश में कहा है कि विद्यालय को मिली खेल सामग्री, दैनिक जरूरतों, मरम्मत, स्वच्छता और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए मिली राशि के उपयोग, विद्यालय में संचालित गतिविधि, चेतना सत्र आदि को लेकर निरीक्षण करना होगा।
डीपीओ ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और समावेशी शिक्षा के तहत चलने वाले संसाधन कक्ष का विशेष रूप से निरीक्षण करने को कहा है। इसके लिए डीईओ कार्यालय से निरीक्षी पदाधिकारियों को फॉर्मेट उपलब्ध कराया गया है।कस्तूरबा विद्यालय में 23 बिंदुओं पर निरीक्षण :कस्तूरबा विद्यालय में 23 बिंदुओं पर निरीक्षण करना होगा। इसमें छात्रावास में नामांकन की स्थिति, विद्यालयों में नामांकन की स्थिति, अनुपस्थित कर्मियों के नाम, खिड़की में जाली, सुरक्षा बीमा, स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब स्थापित हुआ है या नहीं, काम कर रहा है या नहीं। निरीक्षी पदाधिकारी बालिकाओं से बातचीत करेंगे और उनकी प्रतिक्रिया भी दर्ज करेंगे। संसाधन कक्ष की बात करें तो यहां नामांकित बच्चों की संख्या, निरीक्षण के समय कितने बच्चों को थेरेपी दी जा रही थी, वहां कार्यरत विशेषज्ञों द्वारा विगत माह में दिए गए सेवाओं का विवरण आदि रिपोर्ट में दर्ज करना होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


