Patna News: नल-जल योजना में लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं पर होगी कार्रवाई
Patna News: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने मुंगेर में नल-जल योजना में लापरवाही के लिए अभियंताओं पर अनुशासनिक कार्रवाई का निर्णय लिया। सचिव बी कार्तिकेय धनजी ने जलापूर्ति योजनाओं का निरीक्षण किया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया। योजना से कई घरों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

Patna News: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने नल-जल योजना में लापरवाही बरतने वाले मुंगेर के अभियंताओं पर अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। विभागीय सचिव बी कार्तिकेय धनजी ने स्थल निरीक्षण के बाद यह निर्णय लिया। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सचिव ने मुंगेर के विभिन्न प्रखंडों में संचालित जलापूर्ति योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया व जनप्रतिनिधियों एवं लाभार्थी परिवारों से बातचीत कर योजना से मिल रहे लाभ एवं जलापूर्ति की स्थिति के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। सचिव ने टेटिया बंबर प्रखंड अंतर्गत वनहरा पंचायत के वार्ड संख्या-12 में वार्ड स्तरीय जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया।
फ्लोराइड प्रभावित इस क्षेत्र में योजना से लगभग 90 घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। सचिव ने संग्रामपुर प्रखंड अंतर्गत दीदारगंज पंचायत के वार्ड संख्या-10 में वार्ड स्तरीय जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। इस योजना के माध्यम से लगभग 132 घरों में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। सचिव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं योजना से लाभान्वित परिवारों से बातचीत कर जलापूर्ति व्यवस्था का फीडबैक लिया।सचिव ने हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना, खैरा की जलमीनार की सफाई जलमीनार सफाई अभियान के तहत अपने समक्ष कराई। फ्लोराइड प्रभावित इस क्षेत्र में इस बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना के माध्यम से हवेली खड़गपुर प्रखंड के लगभग 14,224 घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस योजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र के लोगों को फ्लोराइड प्रभावित जल से होने वाली फ्लोरोसिस जैसी बीमारी से राहत मिली है। स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं के विरुद्ध सचिव ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, मुंगेर और कनीय अभियंता संग्रामपुर के विरुद्ध अनुशासनीक कार्रवाई करने तथा सहायक अभियंता तारापुर से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया। सचिव ने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं अभियंताओं को योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए आम लोगों को निर्बाध, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


