कोहरे का कहर जारी! आपस में टकराईं गाड़ियां, 11 लोग घायल
घने कोहरे के कारण मोकामा में सात और पुनपुन में पांच गाड़ियां टकरा गईं। इस हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं। मोकामा में एक बस और ट्रक की टक्कर हुई, जबकि पुनपुन में पांच कारों का हादसा हुआ। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। एम्बुलेंस भी दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घने कोहरे के कारण मोकामा में सात और पुनपुन में पांच गाड़ियां आपस में टकरा गई। जिसमें कुल 11 लोग घायल हुए हैं। पहली घटना पटना-मोकामा फोरलेन पर औंटा गोलंबर के पास रविवार अल सुबह तीन बजे के करीब हुई, जिसमें दंपती समेत पांच लोग घायल हैं। दूसरी घटना पटना-गया-डोभी फोरलेन पर सुबह पांच पुनपुन स्थित डुमरी ओवरब्रिज के पास हुई। जिसमें पांच कार आपस में टकरा गई। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
फोरलेन पर औंटा गोलंबर के पास यात्रियों से भरी बस ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। सिलीगुड़ी से पटना आ रही बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। हालांकि हादसे में बस को ज्यादा क्षति नहीं हुई और न ही किसी यात्री को चोट आई। बस चालक छोटू कुमार ने बताया कि रात में कुहासा अधिक था। आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक से ब्रेक लिया, जिससे बस और ट्रक में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में खराबी आ गई। जिससे बस फोरलेन पर किनारे खड़ी थी।
मोकामा स्थित फोरलेन पर औंटा गोलंबर के पास ही करीब चार घंटे बाद सुबह सात बजे बेगूसराय से मोकामा की ओर जा रहे ट्रक चालक ने अचानक दुर्घटनाग्रस्त बस दिखा। इसके बाद ट्रक को दाहिनी ओर घूमा दिया। पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने ट्रक में टकराकर डिवाइडर पर चढ़ गई। उसके पीछे तेज रफ्तार से एक पिकअप आ रही थी,जो ब्रेक लेते लेते सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एनएचएआई का एम्बुलेंस घायलों को अस्पताल ले जाने घटनास्थल पर जा रहा था। लेकिन घने कोहरे की वजह से एम्बुलेंस चालक ने आगे चल रहे कंटेनर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एम्बुलेंस चालक राजकुमार (30) और स्वास्थ्यकर्मी गौरव कुमार (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज अनुमंडल अस्पताल बाढ़ में चल रहा है। पुलिस ने दो ट्रक, स्कॉर्पियो और बस को जब्त कर मामले की जांच में जुटी है।
वहीं दुर्घटना में स्कॉर्पियो चालक पारस कुमार (32) और स्कॉर्पियो में सवार कुमुद कुमार (45) व उनकी पत्नी किशोरी देवी (43) घायल हो गए। स्कॉर्पियो सवार खगड़िया निवासी कुमुद कुमार अपनी पत्नी किशोरी देवी को परीक्षा दिलवाने खगड़िया से पटना जा रहे थे। कुमुद कुमार के सीने और पैर में चोट है तो वहीं किशोरी देवी का होंठ फट गया और पैर में चोट लगी है। उधर, पटना-गया-डोभी फोरलेन पर डुमरी ओवरब्रिज के पास कोहरे में पांच कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें एक कारण में सवार तीन समेत छह जख्मी हुए हैं। राहगीरों ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाल कर इलाज के लिए पटना भेज दिया।
राहगीरों ने बताया कि सभी कार सवार गया की आ रहे थे। फोरलेन पर डुमरी के पास यूटर्न के लिए ओवरब्रिज का निर्माण दो माह से चल रहा है। जिसके कारण गया से पटना जाने वाली लेन पर मिट्टी का ढेर रखकर खतरे का लाल पट्टी लगा दिया गया है। लेकिन घने कोहरे की वजह से चालक को कुछ नहीं दिख रहा था। जिसके कारण एक कार पट्टी को तोड़ते हुए मिट्टी का ढेर पर चढ़कर पलट गई। कार में सवार तीन लोग जख्मी हो गये। वहीं पीछे से आ रही चार कार आपस में टकरा गई। थानाध्यक्ष बेवी कुमारी ने बताया कि तीन गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। जबकि चालक कार लेकर चले गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


