एलएलबी प्रवेश परीक्षा रद्द करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग
पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन और रिसर्च स्कॉलर संघर्ष समिति ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रश्नपत्र को रद्द कर दोबारा निष्पक्ष परीक्षा आयोजित करने की मांग की और विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की।

पटना विश्वविद्यालय (पीयू) की एलएलबी की प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के विरोध में बुधवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) और रिसर्च स्कॉलर संघर्ष समिति (आरएसएसएस) के तत्वावधान में पटना कॉलेज से पटना विवि मुख्यद्वार तक प्रतिवाद मार्च निकाला गया। छात्रों ने प्रवेश परीक्षा को तत्काल रद्द कर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुन: आयोजित करने की मांग करते हुए डीन छात्र कल्याण प्रो. कामेश्वर पंडित और कुलानुशासक को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और परीक्षा प्रणाली की विफलता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विवि प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की।
पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कर दोषी व्यक्तियों और अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं बिहार के उच्च शिक्षा की साख को धूमिल करती हैं व मेहनत से तैयारी करने वाले हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। छात्र संगठनों ने यह भी मांग की कि भविष्य में प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए परीक्षा संचालन प्रणाली को तकनीकी रूप से सुरक्षित और जवाबदेह बनाया जाए। ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन एवं रिसर्च स्कॉलर संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर विश्वविद्यालय प्रशासन ठोस निर्णय नहीं लेता, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। मौके पर एआईएसएफ राज्य अध्यक्ष सुधीर कुमार, आरएसएसएस के नीरज कुमार प्रीति कुमारी, विद्यानंद पासवान, सुशील, प्रिंस, अविनाश समेत अन्य मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

