महिला ने निवेश के नाम पर ठग लिये 97 लाख
साइबर अपराधियों ने अनीसाबाद के एक व्यक्ति से निवेश के नाम पर 97 लाख रुपये की ठगी की। एक महिला ने पहले निवेश के बारे में जानकारी दी और फिर मुनाफे का झांसा देकर पैसे मांगे। जब महिला का फोन बंद हुआ, तो व्यक्ति को धोखे का एहसास हुआ। बाद में पता चला कि कंपनी फर्जी थी।

साइबर अपराधियों ने कंपनी में निवेश के नाम पर अनीसाबाद की एक व्यक्ति से 97 लाख की ठगी कर ली। मुंबई की एक महिला उन्हें कंपनी के बारे में पहले विस्तार से बताया। बाद में मुनाफे का झांसा दिया। व्यक्ति महिला झांसे में आ गया और निवेश के नाम पर उन्होंने मोटी रकम लगा दी। इसी बीच 13 अप्रैल को महिला ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया, तो उन्हें शक हुआ कि कोई गड़बड़ है। उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि सोशल मीडिया पर पोलियस फाइनेंस पिक प्लेटफार्म फर्जी है। इस तरह की कोई कंपनी मुंबई में नहीं है।
इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि एक सप्ताह पहले पीड़ित ने सोशल मीडिया पर निवेश को लेकर अच्छा ऑफर देखा था। वे समझ गए कि निवेश करने पर अच्छी कमाई हो सकती है। सोशल मीडिया पर पोलियस फाइनेंस पिक प्लेटफार्म के नाम से विज्ञापन था। सर्च करने के कुछ ही देर बाद उन्हें एक महिला का फोन आया। उसने पहले मीठी-मीठी बातें की फिर निवेश योजना को समझाया। वह महिला के झांसे में आ गए और कंपनी में पैसा निवेश करने को राजी हो गए। इसके बाद उन्होंने महिला द्वारा बताए गए बैंक अकांउट में 97 लाख भेज दिया। महिला ने उन्हें बताया था कि निवेश की गई राशि एक साल में अच्छी आमदनी दे सकती है। 13 अप्रैल को महिला का फोन बंद हो गया। वे परेशान हो गए। सोशल मीडिया से निवेश विज्ञापन भी गायब हो गया तब उन्होंने ठगी का अहसास हुआ। छानबीन करने पर पता चला कि सोशल मीडिया पर दिया गया विज्ञापन और कंपनी दोनों फर्जी थे। साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार के डेटिंग ऐप, निवेश कंपनी आदि के बारे में बगैर छानबीन किए निवेश नहीं करें। यदि निवेश करना है तो जो अधिकृत कंपनियां हैं उनके कार्यालयों में जाकर संपर्क करें और राशि का निवेश करें। दो दिन पहले भी एक व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया पर दिए गए डेटिंग ऐप पर क्लिक करने के कारण 29 लाख की ठगी हुई थी। साइबर पुलिस का कहना है कि निवेश या किसी प्रकार के डेटिंग ऐप पर क्लिक नहीं करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


