Patna News: ठगों ने रेल यात्री के चोरी गए मोबाइल की मदद से 1.24 लाख उड़ाए
Patna News: दानापुर में एक रेल यात्री का मोबाइल चोरी हो गया, जिसमें पेमेंट एप था। चोरों ने उसके खाते से 1.24 लाख रुपये निकाल लिए। एक वृद्ध व्यक्ति की ठगी भी हुई, जब उसके फोन को हैक कर 1.20 लाख रुपये चुरा लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज की है।

Patna News: दानापुर निवासी एक रेल यात्री का चोरी हुए मोबाइल में मौजूद पेमेंट एप की मदद से साइबर ठगों ने उसके खाते से 1.24 लाख उड़ा लिये। मोबाइल चोरी होने पर पीड़ित ने इसकी शिकायत रेल थाने में तो कर दी थी, लेकिन सिम ब्लॉक नहीं कराया था। अलग-अलग तरीके से शातिरों ने दो लोगों को कुल 2.40 लाख का चूना लगा दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दानापुर के सुल्तानपुर मोहल्ला निवासी बीते दिनों मुगलसराय से ट्रेन से दानापुर आए थे। इसी दौरान ट्रेन में चोरों ने उनका स्मार्ट मोबाइल फोन चुरा लिया। उस मोबाइल में पेमेंट एप मौजूद था।
उस एप से उनका एसबीआई और पीएनबी का खाता लिंक था। घटना के बाद पीड़ित ने मोबाइल चोरी की शिकायत दानापुर रेल थाने में कर दी थी। बाद में उन्होंने पुराना सिम चालू कराया तो उनके पास पीएनबी के खाते से 80.242 और एसबीआई के खाता से 44.693 रुपये की निकासी के मैसेज आए। जिसके बाद पीड़ित ने साइबर ठगी की शिकायत पटना जंक्शन रेल साइबर थाने में की। साइबर ठगी की अन्य घटना फुलवारी निवासी बुजुर्ग के साथ घटी। पीड़ित सरकारी नौकरी से सेवानिवृत हैं। उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की गौनपुरा थाना में है। बीते दिनों एक अंजान नंबर से उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह दिल्ली स्थित पंजाब नेशनल बैंक से बोल रहा है। उन्हें बैंक के एक स्कीम के बारे में समझाना है। कुछ देर बात करने के बाद शातिर ने पीड़ित का मोबाइल फोन हैक कर लिया। शक होने पर बुजुर्ग ने पास के एटीएम में जाकर अपने खाते की जांच की तो पता चला कि दो बार में उनके खाते से 1.20 लाख रुपये की निकासी कर ली गई है। बाद में उन्होंने घटना की शिकायत साइबर थाने में की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


