बिहार में अवैध बालू खनन पर डीएम की बड़ी कार्रवाई, मनेर में तीन नावें जब्त

बिहार में अवैध बालू खनन पर डीएम की बड़ी कार्रवाई, मनेर में तीन नावें जब्त

संक्षेप:

बिहार में डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने अवैध बालू खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की घोषणा की। मनेर में संयुक्त छापेमारी में तीन नावें जब्त की गईं और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। अवैध खनन पर शून्य सहिष्णुता के सिद्धांतों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Dec 12, 2025 02:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने गुरुवार को मनेर में अवैध बालू खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के बाद कहा कि बालू, भू-माफिया, शराब माफिया और अन्य गैरकानूनी आर्थिक गतिविधियों तथा अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी और उनके खिलाफ सीसीए (दोष निवारण अधिनियम) समेत अन्य कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई होगी। डीएम के निर्देश पर गुरुवार को मनेर थाना क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त छापेमारी की।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस टीम में दानापुर के अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ, जिला खनन पदाधिकारी पटना, सभी खान निरीक्षक और मनेर के थानाध्यक्ष शामिल थे। जांच के दौरान, मनेर थाना के ब्यापुर में गंगा नदी में अवैध रूप से सफेद बालू का खनन और ढुलाई करते हुए तीन नावों को जब्त किया गया और मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन सभी के खिलाफ मनेर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

जब्त की गई तीनों नावों पर बिहार खनिज नियमावली के तहत कुल 34 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित रूप से सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने के लिए ड्रोन और हाई-टेक बोट का उपयोग करने तथा बालू खनन करने वालों को चिन्हित कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने को भी कहा है।