अमरेंद्र पांडे और अनंत सिंह के मामलों की सीआईडी जांच शुरू
बिहार के दो विधायक अमरेंद्र पांडे उर्फ पप्पू पांडेय और अनंत सिंह पर गोपालगंज जिले में दर्ज दो अलग-अलग कांडों की सीआईडी जांच शुरू हो गयी है। बिहार पुलि

बिहार के दो विधायक अमरेंद्र पांडे उर्फ पप्पू पांडेय और अनंत सिंह पर गोपालगंज जिले में दर्ज दो अलग-अलग कांडों की सीआईडी जांच शुरू हो गयी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी (अपराध अनुसंधान विभाग) ने मुख्यालय के डीएसपी स्तर के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के नेतृत्व में टीम बना कर जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। यह टीम गोपालगंज के कुचायकोट और मीरगंज थाने में दर्ज इन कांडों में दर्ज आरोपों की पड़ताल करने के साथ ही आरोपित विधायकों का पक्ष भी जांचेगी और पुलिस मुख्यालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। दोनों विधायक और उनके समर्थकों पर आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कांड दर्ज हैं।
कुचायकोट थाने में भूमाफिया द्वारा करीब 16 एकड़ बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने और मारपीट-फायरिंग करने का मामला है। इस मामले में स्थानीय जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के साथ उनके भाई सतीश पांडेय और चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी समेत अन्य नामजद हैं। एक अप्रैल 2026 को स्थानीय थाने में दर्ज यह मामला राजनीतिक रूप से बेहद चर्चित और गंभीर होने की वजह से सीआईडी को सौंपा गया है।दूसरी घटना चार मई को मीरगंज थाने में दर्ज हुई थी। यह मामला दो-तीन मई 2026 की रात्रि एक जनेऊ कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर कुछ लोगों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने से संबंधित वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने से संबंधित है। इसमें मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह, गायक गुंजन सिंह सहित नौ लोगों पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक दोनों केस से संबंधित आवश्यक दस्तावेज सीआईडी को सौंप दिये गए हैं। सीआईडी टीम अब इस केस से जुड़े सभी तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और वित्तीय लेन-देन के पहलुओं को खंगालने में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


