पटना में 111 घाटों पर होगा छठ का आयोजन, पानी में 4.5 फुट तक ही जा सकेंगे व्रती
गंगा के छठ घाटों पर इस बार व्रतियों को पानी में अधिकतम साढ़े चार फुट तक ही जाने की इजाजत होगी। इसके आगे लगे बैरिकेडिंग पर इस बार पानी की गहराई भी अंकित होगी। पटना नगर निगम इस बार बैरिकेडिंग की मजबूती...
गंगा के छठ घाटों पर इस बार व्रतियों को पानी में अधिकतम साढ़े चार फुट तक ही जाने की इजाजत होगी। इसके आगे लगे बैरिकेडिंग पर इस बार पानी की गहराई भी अंकित होगी। पटना नगर निगम इस बार बैरिकेडिंग की मजबूती पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।
तीन की बजाय बीच में बांस की चार बल्लियां लगाई गई हैं। इससे एक छोटा बच्चा भी बैरिकेडिंग पार नहीं कर पाएगा। ये बातें नगर आयुक्त अभिषेक सिंह ने छठ पूजा के लिए पटना नगर निगम द्वारा की गई तयौरियों के बारे में जानकारी देते हुए कहीं।
सजेंगे रिवरफ्रंट के 13 घाट : नगर आयुक्त ने बताया कि कलेक्ट्रेट से लेकर रौशनघाट तक रिवरफ्रंट के 13 घाट डेकोरेटिव लाइटों से सजेंगे। रिवरफ्रंट के घाटों के गीला होने के बाद होनेवाले फिसलन से बचने के लिए भी निगम वहां कर्मियों की तैनाती करेगा। गीले घाटों को सूखाने का प्रयास होगा।
दानापुर से सिटी तक 650 मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनातदानापुर से लेकर सिटी तक घाटों पर 650 से अधिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी घाट तैयार हो चुके हैं। सोमवार को देर शाम तक घाटों की तैयारी करने की गति में तेजी लाई गई। आयुक्त के निर्देश के बाद अधिकारी हरकत में आए। देर रात तक कलेक्ट्रेट घाट कपड़ा लगा दिया गया। पटना में इस बार कुल 111 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया है। सभी घाटों को 21 जोन में बांटा गया है। चार सुपर जोन बनाया गया है। सेक्टर के हिसाब से पदाधिकारियों को लगाया गया है। सभी घाटों पर 512 शौचालय, 577 यूरिनल और 96 चापाकल बनाया गया है। सभी घाटों पर नियंत्रण कक्ष बना है।
49 छठ घाटों में गंगा जल डालेगा निगम
पटना नगर निगम गंगा घाटों के अलावा शहर के 49 छठ तालाबों की भी तैयारी कर रहा है। मंगलवार को नहाय खाय के दिन ही इन सभी तालाबों में गंगा जल डाला जाएगा। इसके लिए निगम ने पानी के 23 टैंकर को धुलवाकर तैयार कर लिए गए हैं। गंगा जल डालने की जिम्मेवारी जल शाखा के पदाधिकारियों को दी गई है। इन तालाबों में निगम द्वारा साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, चाली और पहुंच पथ का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि तालाबों की तैयारी भी पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बेहतर हुई है।