बसपा, लोजपा सहित कई दलों के नेता जदयू में हुए शामिल
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बबन कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी की डॉ. सुहेली मेहता सहित कई नेताओं ने सोमवार को जदयू का दामन थामा। जदयू प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद बशिष्ठ...
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बबन कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी की डॉ. सुहेली मेहता सहित कई नेताओं ने सोमवार को जदयू का दामन थामा। जदयू प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह व सांसद आरसीपी सिंह ने इन नेताओं को जदयू की सदस्यता दिलाई। मिलन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सीएम नीतीश कुमार की ओर से मिले निर्देशों पर अमल शुरू हो गया है। संगठन विस्तार पर काम हो रहा है और सदस्यता अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी प्रकोष्ठों के कार्यक्रम एक-दो दिनों में तय हो जाएंगे। शिविर भी लगाए जाएंगे। प्रखंड स्तर पर नियमित बैठक की कार्ययोजना बनाई जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जदयू अन्य दलों से अलग है। चिंतन, स्वरूप, कार्यशैली व राष्ट्रीय मसलों पर सीएम नीतीश कुमार ने अपनी अलग राय रखी, जिस पर राष्ट्रीय बहस हुई है। नेता केवल आज की बात करते हैं, जबकि राजनेता आज में रहते हुए भविष्य में होने वाले असर पर बात करते हैं। पार्टी के नेता नीतीश कुमार व दल की नीतियों से प्रभावित होकर ही दूसरे दलों के नेता जदयू में शामिल हो रहे हैं। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। जदयू में एनएल कुशवाहा, डॉ. सुनील कुमार झा, डॉ. अर्चना कटियार, कुसुम वर्मा, मो. सादिक, संटू पटेल, कुणाल अग्रवाल, चंद्रशेखर कुशवाहा सहित अन्य शामिल हुए। मौके पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य व अनिल कुमार, मुकेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।