ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनापटना: साले की शादी में जा रहे बहनोई की गोली मारकर हत्या

पटना: साले की शादी में जा रहे बहनोई की गोली मारकर हत्या

सालिमपुर थाना क्षेत्र के मंझौली फोरलेन के पास गुरुवार की देर रात साले की शादी में जा रहे बहनोई की बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अशोक यादव (30) मूल रूप से नालंदा जिले के...

पटना: साले की शादी में जा रहे बहनोई की गोली मारकर हत्या
बख्तियारपुर। संवाद सूत्रFri, 19 Apr 2019 09:56 PM
ऐप पर पढ़ें

सालिमपुर थाना क्षेत्र के मंझौली फोरलेन के पास गुरुवार की देर रात साले की शादी में जा रहे बहनोई की बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अशोक यादव (30) मूल रूप से नालंदा जिले के विशनुपुर का रहने वाला था। वह अपने साले की शादी में शामिल होने मिरदाहाचक आया था। यहीं के रहने वाले राजेश यादव की बेटी की शादी थी। 

रात बारह बजे मंझौली के पास एक लाइन होटल से निकल कर बाइक से वह सीधे मिरदाहाचक स्थित विवाह स्थल जा रहा था। इसी बीच पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने घेर कर अशोक यादव को नजदीक से दो गोलियां मार दीं, जिससे घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। इधर, हत्या की घटना से गुस्साये ग्रामीण और बारात पक्ष के लोग सड़क पर उतर आये। बीच सड़क पर शव रखकर उन्होंने बख्तियारपुर-पटना फोरलेन को जाम कर दिया। उग्र लोगों ने दर्जनों वाहनों के शीशे तोड़ डाले। पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। 

हालात बिगड़ता देख बाढ़ एएसपी लिपि सिंह के साथ कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने पर लोग पत्थरबाजी करने लगे। इस दौरान बख्तियारपुर थानेदार सहित तीन पुलिसवाले जख्मी हो गये। हालात बिगड़ता देख एसएसपी गरिमा मलिक भी दल-बल के साथ मौका ए वारदात पर पहुंच गयीं। एसएसपी ने हंगामा कर रहे लोगों को घटना में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया जिसके बाद मामला शांत हुआ। 

पहले मोबाइल छीना फिर मार दी गोली 
बारात आगमन के बाद घर में शादी की रस्म की तैयारी चल रही थी। इसी को लेकर दूल्हे ने बहनोई अशोक यादव को फोन पर जल्दी आने को कहा। अशोक यादव होटल से निकल कर बाइक से मिरदाहचक जा रहे थे। तभी होटल से कुछ ही दूरी पर दो बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर लिया। अपराधियों ने पहले अशोक यादव से मोबाइल छीना फिर सीने में ताबड़तोड़ दो गोली मार मौके से भाग निकले। 

साथ ही बैठे थे हत्यारे, विवाद होने पर मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अशोक समेत चार लोग एक जगह पर बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात पर चारों युवकों में विवाद हो गया और उसी विवाद के दौरान एक शख्स ने मृतक अशोक यादव को करीब से गोली मार दी। फिर बाइक पर सवार होकर भाग निकला। इस पहलू पर छानबीन की जा रही है। 

पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया शव 
मामला शांत होने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। शव को जब्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। 

पिता के बयान पर एफआईआर
मृतक के पिता ब्रह्मदेव यादव के लिखित बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हत्या के आरोप में पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। एएसपी के अनुसार हत्या के पीछे प्रथम दृष्टया आपसी विवाद का मामला सामने आया है, लेकिन पुलिस गहराई से सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।

बज रही थी शहनाई, पल भर में पसरा मातम  
जिस घर में चंद मिनट पहले शनाई बज रही थी वहां मातम का माहौल हो गया। चारों ओर चीख-पुकार मच गयी। सारे बाराती घटनास्थल की ओर दौड़ गये। 

हत्या के विरोध में पांच घंटे तक रहा फोरलेन जाम 
हत्या के विरोध में गुरुवार की रात एक बजे से लेकर शुक्रवार की अल सुबह पांच बजे तक मंझौली गांव के सामने पटना-बख्तियारपुर फोरलेन जाम रहा। इस दौरान आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीरों ने दनियावां की ओर गाड़ियां मोड़ीं, लेकिन कुछ समय बाद वैकल्पिक रास्तों पर भी जाम लग गया। 

तोड़फोड़ करने वालों की तलाश में छापेमारी
सालिमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुई हत्या के बाद उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ और पथराव के मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है। गाड़ियों में तोड़फोड़ और हंगामा के मामले में चार को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान कई उपद्रवी फरार हो गए थे।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें